दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय 2021-2022 के अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज सी० एम० कॉलेज में हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ गणमान्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ एवं कार्यक्रम के अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी डॉ० अजय नाथ झा मौजूद रहे।
इस अवसर पर अपने अतिथि संबोधन में डॉ० झा ने कहा कि सी० एम० कॉलेज के खेल का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। अपने अतीत को याद करते हुए यह बताया कि उन्होंने अपने खेल जीवन की शुरुआत सी० एम० कॉलेज के मैदान से ही की थी। इस महाविद्यालय के साथ उनका भावनात्मक लगाव कई पहलुओं से है। इस बात को भी उन्होंने रेखांकित किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना के बेहद भयावह समय के बाद यह बड़ा अवसर है जब सभी लोग इस तरह से किसी कार्यक्रम के लिए इतने जोश के साथ उपस्थित हैं। उन्होंने खेल को अपने जीवन में महत्वपूर्ण स्थान देने पर जोर दिया। नौकरी के साथ ही साथ खेल व्यक्तित्व निर्माण में भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रतिभागियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। इसलिए आपको जीवन में निरंतर कोशिश करते रहना चाहिए। हार से डरना नहीं बल्कि हार के ‘डर’ पर ‘विजय’ प्राप्त करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य प्रो० विश्वनाथ झा ने कहा की गंगा-जमुनी संस्कृति खेल संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को उन्होंने खेल को खेल भावना के साथ खेलने के लिए शुभकामनाएं दी।
उप-खेल पदाधिकारी प्रो० अमृत कुमार झा ने मनोवैज्ञानिक परिपेक्ष्य से खेल भावना पर प्रकाश डाला। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में आप अपना उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं और खेल आपके संपूर्ण विकास के लिए बेहद जरूरी है। कोरोना के बाद हमारे जीवन में आये मानसिक बदलाव का किस तरह से सामना करना है। इस पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने योग्यता, चाहत और जुनून को परिभाषित करते हुए उसे जानने और समझने पर जोर दिया।
सी० एम० कॉलेज के खेल विभाग के प्रभारी डॉ० यादवेंद्र सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया और साथ ही साथ विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वह खेल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ सकते हैं और करियर बना सकते हैं युवा।
कार्यक्रम में चयनकर्ता, विभिन्न महाविद्यालयों के टोली प्रबंधक, एवं सी० एम० कॉलेज के प्रो० शिप्रा सिन्हा, प्रो० मंजू रॉय, डॉ० प्रीति कनोडिया, डॉ० आशीष बरियार, प्रो०दिवाकर सिंह एवं डॉ० शैलेन्द्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल विभाग के सदस्य डॉ० अनुपम सिंह और डॉ० आलोक रंजन भी मौजूद रहे। सी० एम० कॉलेज के पीटीआई श्याम किशोर मंडल, विश्वविद्यालय के खेल एवं संस्कृति विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ मनीष राज और सुमित कुमार झा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ० रीता दुबे ने किया।
Posted inFeatured