दरभंगा । बुधवार को दरभंगा जिला के बहेड़ी प्रखंड स्थित बलिगांव पंचायत के बलिगांव में जीविका दीदियों ने मधनिषेध अभियान को मजबूती देने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली। वे कुमकुम जीविका महिला ग्राम संगठन की सदस्य हैं।
रैली में ग्राम संगठन की सभी जीविका दीदीयों ने सक्रिय भागीदारी निभायी। दीदियों ने शराब के धंधेबाज और शराबियों के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की।
‘जीविका दीदी करे पुकार
शराब मुक्त हो अपना बिहार,
शराब का जो हुआ शिकार,
उजड़ा उसका घर परिवार – जैसे नारों से लोग आकर्षित हो रहे थे।
इन नारों के बैनर के साथ जीविका दीदियों ने शराब कारोबारियों के ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ बुलंद की। दरभंगा में शराबबंदी को पूरी तरह से प्रभावकारी बनाने के लिए जीविका दीदी द्वारा लगातार व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जीविका दीदियों ने रैली निकाल कर लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की। जीविका दीदीयों ने यह भी बताया कि शराब का सेवन करने वाला इंसान अपने परिवार और समाज के लिए महज़ एक अभिशाप है। हर हाल में शराब रूपी ज़हर के दंश से गांव को बचाना है।
शराब पीने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में लोगों को सजग किया गया। रैली के बाद जीविका दीदियों ने पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर शपथ ली कि गांव के लोगों को शराब नहीं पीने देंगे। साथ ही सभी ग्राम वासियों को अपने-अपने क्षेत्र में शराब का धंधा करने व शराब पीने वालों की जानकारी टाल फ्री नंबर 18003456268/ 15545 पर देने की अपील की।