सामाजिक सुरक्षा का मंत्र और सियासी मास्टर स्ट्रोक का संगम दिखाएंगे 11 जुलाई को सीएम नीतीश

सामाजिक सुरक्षा का मंत्र और सियासी मास्टर स्ट्रोक का संगम दिखाएंगे 11 जुलाई को सीएम नीतीश

सामाजिक सुरक्षा का मंत्र और सियासी मास्टर स्ट्रोक का संगम दिखाएंगे 11 जुलाई को सीएम नीतीश

संजय मिश्र
दरभंगा

ग्यारह जुलाई 2025, बिहार में लाचार को कल्याण और सियासी मास्टर स्ट्रोक खेलने के संगम के दिन के रूप में याद किया जाएगा। जी हां! लाखों सुपात्र नागरिकों को सम्मान देने और समाज में उन्हें इज्जत से जीने के लिए उठाए गए कदम की शुरुआत भव्य और उत्सवी माहौल में करने की तैयारी अंतिम चरण में है। डी डे यानि निर्णायक घड़ी अब घंटों की मोहताज है। जब बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक साथ छह सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत राज्य के कुल 11119949 लाभार्थी के खाते में बढ़ी हुई पेंशन की राशि का डी.बी.टी के माध्यम से अंतरण करेंगे। यह रकम 12272738000 रुपए होगी। यह भव्य कार्यक्रम लाइव होगा और सरकारी स्तर पर सुनिश्चित किया गया है कि पटना से लेकर पंचायत स्तर तक लाभार्थी इसका हिस्सा बन सकेंगे।

दरभंगा जिले में कुल 424289 लाभार्थी हैं जिनके खाते में 469633500 रुपए ट्रांसफर हो जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा के तहत 6 प्रकार की पेंशन प्रदान की जाती है। ये हैं – बिहार स्टेट डिसेबिलिटी पेंशन, इंदिरा गांधी डिसेबिलिटी पेंशन, इंदिरा गांधी ओल्ड एज पेंशन, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन, लक्ष्मीबाई सोशल सिक्योरिटी पेंशन और मुख्य मंत्री वृद्धजन पेंशन। जून 2025 से, पहली बार नई दर से पेंशन की राशि का अंतरण हो रहा है।

जिला स्तर पर लहेरियासराय पोलो ग्राउंड ऑडिटोरियम में कार्यक्रम 11 जुलाई 2025 को 10:30 बजे से शुरू होगा, जहां मुख्यमंत्री बिहार के संदेश का लाइव प्रसारण होगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के द्वारा होर्डिंग, फ्लेक्सी एवं हैंड बिल के माध्यम से पूरे जिलों में प्रचार किया जा रहा है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से मुख्यमंत्री का संदेश का पंपलेट वितरित किया जा रहा है।

डीएम दरभंगा कौशल कुमार के निर्देश के आलोक में कार्यक्रम के चयनित स्थलों पर सफलता के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

बिहार सीएम के 11 जुलाई 2025 के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अन्तर्गत होने वाले कार्यक्रम का दायरा जिला के अलावे प्रखंड स्तर, पंचायत स्तर और राजस्व ग्राम स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन का जिम्मा संबंधित बीडीओ को मिला है। राजस्व ग्राम स्तर पर विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जहां संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को नोडल के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। तमाम आंगनबाड़ी केंद्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए डीपीओ आईसीडीएस को अधिकृत किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला में 04 लाख, 29 हजार से अधिक पेंशन भोगियों को जून माह से ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 उनके खातों में दी जाएगी। कार्यक्रम में सभी 06 पेंशन योजना के लाभार्थी की भागीदारी रहेगी।

पेंशन की राशि का डी.बी.टी के माध्यम से अंतरण होने के बाद सीएम नीतीश का संबोधन होगा।

लाइव प्रसारण खातिर टेलीविजन स्क्रीन, लैपटॉप, कम्प्यूटर, टेबलेट, मोबाईल आदि के जरिए लाभार्थी से संवाद होगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन के लिए सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग दत्त चित हो लगी हुई हैं। साथ ही वे इस निमित लाभार्थियों की उपस्थिति के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाएंगी।

खास बात है कि बिहार स्टेट डिसेबिलिटी पेंशन के तहत 3,50,19,400 रुपए दरभंगा में जबकि बिहार में 1,06,24,39,400 रुपए ट्रांसफर होंगे। इंदिरा गांधी डिसेबिलिटी पेंशन के तहत बिहार में लाभार्थी की संख्या 1,10,580 जिन्हें कुल राशि 12,16,38,000 अंतरण किया जाना है। दरभंगा जिले में 3692 लाभार्थी हैं जिन्हें 40,61,200 रुपए दिए जायेंगे।

इसी तरह इंदिरा गांधी ओल्ड एज पेंशन के तहत बिहार में लाभार्थियों की संख्या 35,57,163 है जिनके खाते में 3912955700 रुपए जाएंगे। दरभंगा जिले में 146460 लाभार्थी और उन्हें 161111600 रुपए देय हैं।

इंदिरा गांधी विडो पेंशन के तहत बिहार में 632594 लाभार्थी जिनको सीएम 696219000 रुपए डीबीटी करेंगे। इसी स्कीम में दरभंगा जिले के लाभार्थी 33741 हैं जिनको 37125900 रुपए ट्रांसफर होंगे।

उधर, लक्ष्मी बाई सोशल सिक्योरिटी पेंशन के तहत राज्य में 864930 लाभार्थी आते हैं जिनको 952574900 रुपए दिए जाने हैं। जबकि इसी स्कीम में दरभंगा जिले के 29694 लाभार्थी हैं जिन्हें 32682600 रुपए डीबीटी होने हैं।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में बिहार में 4989507 लाभार्थी हैं जिनको 5526911000 रुपए की राशि ट्रांसफर होगी। इसी योजना में दरभंगा जिले के लाभार्थी की संख्या 178884 है जिन्हें सीएम 199632800 रुपए ट्रांसफर करेंगे।

बिहार के कुल लाभार्थी 11119949 हैं जिन्हें मिलने वाली रकम 12272738000 रुपए है। 11 जुलाई को इनके संग दरभंगा के 424289 लाभार्थी के हाथ आए 469633500 रुपए का सांकेतिक महत्व भी है। पहले मिलने वाली 400 रुपए के कारण परिवार और समाज में वे उपहास के पात्र बनते थे। अब ये राशि 11 सौ रुपए कर दी गई है। तिरस्कृत वर्ग खास कर बुजुर्ग को अब आत्म विश्वास से और सर उठा कर जीने का अबलम्ब मिला है। चेहरे पर मुस्कान दिख रही है। नीतीश के प्रतिपक्षी 400 रुपए का मजाक उड़ाया करते हैं और बड़े वादे कर रहे हैं। नीतीश ने उनसे मुद्दा ही छीन लिया है। बिहार सीएम का ये मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *