बीजेपी को आई कर्पूरी की विरासत की याद, रेल मंत्री पहुंचे पितौझिया, धन्य होने की कही बात

बीजेपी को आई कर्पूरी की विरासत की याद, रेल मंत्री पहुंचे पितौझिया, धन्य होने की कही बात

बीजेपी को आई कर्पूरी की विरासत की याद, रेल मंत्री पहुंचे पितौझिया, धन्य होने की कही बात

मिथिला में 90 हजार करोड़ रुपए की चल रही परियोजनाओं की रेल मंत्री ने की समीक्षा

दरभंगा के सांसद रहे साथ, न्यू दरभंगा नाम से नया स्टेशन बनाने की रेल मंत्री से रखी मांग

संजय मिश्र
दरभंगा

बिहार विधान सभा चुनाव 2025 करीब है। राजनीतिक दल अपने हित साधने तमाम तरह की जुगत में लगे हैं। बीजेपी लगातार संकेत कर रही है कि विकास की बयार के साथ इंक्लूसिव सोशल इंजीनियरिंग के संदेश के बूते चुनाव में जाएगी। एससी वोटर का संग मिलने का उसे भरोसा है। राष्ट्रपति चुनाव के समय से एससी एसटी वर्ग पर पकड़ का सपना संजोए है बीजेपी। मिथिला में बीसी और ओबीसी के चंक को यूं ही दूसरे दलों का चारागाह बन जाने नहीं देना चाहती। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का समस्तीपुर का दौरा और दरभंगा के सांसद का पूरे दौरे में उनके साथ रहने के मायने हैं। महज फीता काटने की यह कवायद नहीं। नब्बे हजार करोड़ रूपए से अधिक के रेल प्रोजेक्ट पहले से निर्माणाधीन है। रेल मंत्री आए तो इसका विस्तार होना स्वाभाविक है। खबर ये है कि अश्विनी वैष्णव समस्तीपुर आए और पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर के गांव पहुंच गए।

पटना से रेलवे के स्पेशल ट्रेन से वे समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम रेलवे स्टेशन पहुंचे। पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर के गांव पितौझिआ गए और उनके पैतृक निवास स्थान पहुंचे। पुराने घर का रमन करते रेल मंत्री अभिभूत हो गए। घर का कोना कोना देखा और फिर एक खटिया पर जा बैठे। कुछ समय रहने के बाद रेल मंत्री ने कहा कि उन्हें अपूर्व शांति मिली। कहा कि यहां आकर वे धन्य हुए। सरकार ने पितौझिआ का नाम कर्पूरी ग्राम किया हुआ है।

सियासी लोग जानते हैं कि समाजवादी विचार के आग्रही कर्पूरी दो बार सीएम बने। लोग उन्हें जन नायक कहना पसंद करते। वे नाई वर्ग से आते थे। साल 1977 के अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने बी सी, ओ बी सी, इ बी सी सहित अन्य वर्ग समूह के लिए 26 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया। बीजेपी उनके उस निर्णय के निहितार्थ से कनेक्ट करने की चाहत में है। मोदी की केंद्र सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया। इस निर्णय की अक्सर याद दिलाती रहती है सैफरन रंगत वाली सरकार। कर्पूरी ने कॉलेज की शिक्षा उसी दरभंगा से ली जहां के सांसद हैं गोपालजी ठाकुर। महीन नैरेटिव को पिरोते हुए संग संग विकास की गाथा सुनाई जा रही है।

अब रेल मंत्री आए तो तमाम प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक समस्तीपुर डीआरएम दफ्तर में आयोजित हुए। सांसद ने लगे हाथ दरभंगा के शीशो स्टेशन के पास दस प्लेटफार्म की क्षमता वाले न्यू दरभंगा नाम के नए दरभंगा स्टेशन बनाने की मांग कर दी। रेल मंत्री ने अधिकारियों से इसकी फीजिबिलिटी देखने को कहा। लहेरियासराय लो कॉस्ट फ्लाई ओवर के शुभारंभ का रेल मंत्री ने निर्देश दिया। खास बात रही कि अमृत भारत और बंदे भारत श्रेणी की दो ट्रेन की दरभंगा को सौगात मिली। कर्पूरी ग्राम रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में मंत्री ने अनेक नई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। रेल मंत्री के दौरे से दरभंगा सांसद गदगद हुए। जनता कितनी गदगद होती है यह चुनाव में दिखेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *