वोट अधिकार यात्रा का दरभंगा में भव्य स्वागत, आरजेडी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के नेताओं ने की राहुल-तेजस्वी पर फूलों की वर्षा
आम आदमी में यात्रा को लेकर गजब का उत्साह, दीवार पर लिखी इबारत है कि बिहार में होकर रहेगा सत्ता परिवर्तन – कुमार गौरव
संजय मिश्र
दरभंगा
सियासत जब करवट बदलने की जन आकांक्षा को पढ़ने लगे तो फिजा में अलग ही ऊर्जा का संचार दिखता है। राजनेता संकेत पाते और अपनी पूरी ताकत झौंकने की कोशिश करते। लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव का काफिला बुधवार 27 अगस्त को जब दरभंगा की सड़कों से गुजरा तो सड़क के दोनो ओर खड़े लोगों के आंखों की भाषा बदली बदली सी दिखी। नेता संतोष में कि रोमांच का आलम है। जे सी बी मशीनों पर खड़े आरजेडी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने शहर के बाघ मोड़ के पास काफिले पर पुष्प वर्षा की तो एकबारगी गाडियां रुकी। राहुल तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। समर्थक बेताब हुए नेताओं के करीब जाने को। सबके सुखद अहसास के बीच यात्रा चल पड़ी। गाड़ियों के ऊपर सवार वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य समेत इंडी गठबंधन के अन्य बड़े नेता बड़े गौर से लोगों के रुख को भांपने की कोशिश कर रहे थे।
मिथिला का हृदयस्थली दरभंगा जहां से इस सांस्कृतिक क्षेत्र के अन्य तमाम जिलों में सियासी संदेश पहुंचने की आकांक्षा। राहुल को कांग्रेस के रिवाइवल और तेजस्वी को आरजेडी का प्रदर्शन सुधारने की संभावना की तलाश। आरजेडी अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ कुमार गौरव ने कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, दीपंकर भट्टाचार्य समेत अन्य नेताओं की वोटर अधिकार यात्रा ऐतिहासिक है। दरभंगा समेत सम्पूर्ण बिहार में काफी समर्थन मिल रहा है। यह यात्रा सरकार बदलने में सफल साबित होगा। उन्होंने कहा कि वोट देना हर एक व्यक्ति का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी सरकार इलेक्शन कमीशन के जरिए वोट देने के अधिकार को प्रभावित करने के एजेंडा में लगी है। वे जानते हैं कि लोगों ने इस बार बिहार में तेजस्वी यादव नेतृत्व वाली इंडी गठबंधन की सरकार बनाने का मूड बना लिया है। मौके पर अति-पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सहनी, जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार सहनी, प्रधान महासचिव गोपाल लाल देव, रामसुंदर कामत, सुजीत गौरव, राहुल देव, चंदन देव, बबलू यादव, सरस्वती देवी, चांदनी बेगम, रूपेश दास, बेबी देवी, महेश लाल देव, प्रखंड अध्यक्ष रईस अहमद सिद्दीकी, जैनुद्दीन साह, हरेराम लाल देव, बिनोद लाल देव, रामबाबु लाल देव समेत हजारों समर्थक मौजूद थे।

