रंग लाया अनुसचिवीय कर्मचारियों का संघर्ष, हड़ताल के 27 वें दिन सरकार ने पुचकारा, मानी कई मांगें

रंग लाया अनुसचिवीय कर्मचारियों का संघर्ष, हड़ताल के 27 वें दिन सरकार ने पुचकारा, मानी कई मांगें

रंग लाया अनुसचिवीय कर्मचारियों का संघर्ष, हड़ताल के 27 वें दिन सरकार ने पुचकारा, मानी कई मांगें

हड़ताल खत्म, कर्मचारियों ने किया योगदान

संजय मिश्र
दरभंगा

एक ही तो आरजू रही। सम्मान जनक समझौता करे अपनी सरकार। बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) के आह्वान पर अन्य जिलों की तरह संघ की दरभंगा इकाई के सदस्य 10 सूत्री मांग के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल में कूद गए। लहेरियासराय के पोलो मैदान का धरना स्थल इनके संघर्ष का गवाह बना। धूप और छांव .. बरसात और उमस .. कोई परवाह नहीं। अर्जुन की तरह लक्ष्य यानि 10 सूत्री मांग पर नजर टिकी हुई। जेहन में एक ही आवाज प्रतिध्वनित होती – ले के रहेंगे .. ले के रहेंगे। धरना और प्रदर्शन संघ के जिला सचिव संतोष कुमार रमन की अगुवाई में चलती। संघ के जिला अध्यक्ष सुरेश मंडल अध्यक्षता करते और अपने साथियों का मनोबल बढ़ाते। अनिता कुमारी स्त्री शक्ति की अदम्य दृढ़ता का परिचय देती हुई। हड़ताली महिला कर्मचारी उनसे प्रेरणा पाती। आखिरकार हड़ताल के 27 वें दिन गुरुवार 4 सितंबर 2025 को खुशखबरी आ गई। जिस आश्वासन का ऑफर हुक्मरान देते रहे वो लिखित में आ गया।

बीमा की राशि बढ़ाने, कैशलेस ईलाज की सुविधा, एलडीसी का ग्रेड पे 2800, पदनाम बदलने और अन्य मांग की ही तो मिन्नत रोज होती। सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव ने गुरुवार 28-08-25 को ही इनसे सैद्धांतिक वायदा किया .. कर्मचारियों के अनुनय को देखते हुए अब लिखित में बातें कही गई हैं। कि समाहरणालय संवर्ग के निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता इंटरमेडियेट या समकक्ष को बढ़ा कर स्नातक या समकक्ष करते हुए वेतनमान वेतन स्तर 2 से वेतन स्तर 5 में करने के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजने का निदेश दिया गया है। कहा गया है कि उच्च वर्गीय लिपिक का वेतन स्तर 4 से वेतन स्तर 6, प्रधान लिपिक का वेतन स्तर 6 से वेतन स्तर 7 तथा सहायक प्रशासी पदाधिकारी का वेतन स्तर 7 से वेतन स्तर 9 करने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। सात मांगों पर सहानुभूतिपूर्ण विचार हुआ।

खुशी की खबर मिलते ही हड़ताल पर बैठे कर्मचारी झूम उठे। विजय जुलूस निकाला। इस अवसर पर अनीता कुमारी, नीतिश कुमार, विनोद भारती, इमरान, पंकज कुमार, शशि सक्सेना, सुमित कुमार वर्णवाल, संजय कुमार, हर्ष कुमार, बबलू कुमार, सिद्धार्थ कुमार, प्रमोद कुमार यादव, शिव सागर यादव, अशोक कुमार पासवान, अभिषेक कुमार, राजन कुमार, नमन राजन, विनोद पासवान, चंद्र किशोर राउत, संतोष कुमार मंडल, अजित कुमार, अभिमन्यु कुमार, संजीव श्रीवास्तव, धनंजय कुमार, संजय सहनी, मीनू कुमारी एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे। आपको बता दें कि समाहरणालय दरभंगा के जिला पंचायत शाखा, जिला नजारत शाखा, जिला आपूर्ति शाखा, जिला विधि शाखा, जिला अभिलेखागार, जिला सामान्य शाखा, अनुमंडल कार्यालय, सदर, दरभंगा एवं अन्य शाखा के कर्मी दिनांक 9 अगस्त 2025 से पूर्ण हड़ताल पर थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *