दरभंगा।बेनीपुर अनुमंडल एवं नगरपरिषद क्षेत्र के ह्रदयस्थली माने जाने वाला बहेड़ा बाजार का मुख्य सड़क से जल निकासी के मामले को लेकर अनोखे अंदाज में धरना प्रदर्शन प्रारंभ हो गया है। बहेड़ा गांव निवासी सह सामाजिक कार्यकर्ता आशीष रंजन दास उर्फ बी पी सिंह ने बीच सड़क पर ही चौकी में मच्छरदानी लगा कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ कर दिया है। ज्ञात हो कि उक्त सड़क पर बर्षो से जलजमाव की समस्या चली आ रही है। जिसको लेकर समय-समय पर स्थानीय लोगों द्वारा आवाज उठाई जा रही थी। गत वर्ष पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क का निर्माण तो किया गया लेकिन जल निकासी का कोई स्थाई समाधान नहीं किया गया। फलतः सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होना आम बात बनी हुई है। ज्ञात हो कि अनुमंडल क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक सरकारी एवं शैक्षणिक संस्थान का मुख्यालय बहेड़ा बाजार है। लेकिन सरकारी उदासीनता के कारण वह उपेक्षित बना हुआ है। वर्तमान समय में बहेड़ा थाना , बहेड़ा सर्किल निरीक्षक, निबंधन कार्यालय , प्रा0 स्वास्थ्य केंद्र ,पशु चिकित्सालय ,शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय ,दंत चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ बहेड़ा उच्च विद्यालय बहेड़ा , अयाची मिथिला महिला महाविद्यालय के अलावे अनुमंडल क्षेत्र के प्राचीन प्लस टू जयानंद उच्च विद्यालय बहेड़ा में अवस्थित है। जिसका मुख्य मार्ग अनुमंडल से जुड़ने के लिए एक मात्र सड़क है। लेकिन उक्त सड़क की दुर्दशा जलजमाव के कारण सालों भर पानी जमा रहता है। लेकिन किसी भी अधिकारी या सरकारी एजेंसी का ध्यान उस दिशा में नहीं जा पा रही है। उक्त मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष रंजन दास उर्फ बी पी सिंह पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत बीच सड़क पर चौकी बिछावन एवं मच्छरदानी लगा कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ कर दिया है । वहीं दूसरी ओर अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था के लिए संबंधित पदाधिकारी को पत्र भेजकर अपने दायित्व से इतिश्री पा ली है लेकिन नाला निर्माण की दायित्व संभालने वाले नगर परिषद मौन बैठी हुई है । अभी तक किसी भी स्तर से पहल करने की या आंदोलन समाप्त करने की व्यवस्था नहीं की गई है । इस संबंध में पूछने पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने बताया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश झा को निर्देशित कर दिया गया है ।