बहादुरपुर विधानसभा सीट के लिए एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, उज्ज्वल भारत के अभिषेक का कलरव
प्रगति और न्याय की गारंटी है एनडीए सरकार, एनडीए की मजबूती ही बिहार की मजबूती – संजय झा
अगले पांच वर्ष में 1 करोड़ युवा को रोजगार का रोडमैप तय – मदन सहनी
संजय मिश्र
दरभंगा
मंगलवार। विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की श्रृंखला का गवाह बना लहेरियासराय का पोलो ग्राउंड। इस दफा बारी आई बहादुरपुर विधानसभा सीट की। गज गज करते स्त्री पुरुष। मंच पर जमे जन कल्याण के प्रहरियों को निहारती आंखें .. आश्वस्त सी हुई जाती .. उम्मीदों के हकीकत में बदलते ही जाने के दिन। जन कलरव सुन कार्यकर्त्ताओं के दीप्त होते संकल्प .. सशक्त बूथ और काम को इनाम यूएसपी कैसे न बनी रहे। बावजूद इसके लापरवाही की गुंजाइश कहां छोड़नी।
मंचासीन नेता सामने बैठे कर्मठ वर्कर और जनता के हाव भाव पढ़ते रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि “एनडीए सरकार विकास और सामाजिक न्याय की गारंटी है। आज देश एवं बिहार विकास की नई ऊंचाई छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ा है। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और समावेशी न्याय की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। संजय झा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले चुनावों में एनडीए की मजबूती ही बिहार की मजबूती साबित हो। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और आपके बूथ स्तर तक के समर्पण से लोकतंत्र सशक्त होता है। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिहार को अराजकता और पिछड़ेपन में धकेला, वही आज जनता को गुमराह करने में लगे हैं। लेकिन जनता सब जानती है और एनडीए के विकास कार्यों पर उसका अटूट विश्वास है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से एनडीए एक बार फिर बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने याद दिलाया कि बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ो विकास योजनाओं का काम पूर्ण हो चुका है। बहादुरपुर में केंद्रीय विद्यालय देने के लिए उन्होंने पीएम मोदी एवं बिहार के सीएम नीतीश का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने दावा किया कि सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया है और अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवा को रोजगार देने का लक्ष्य है। अफवाहें और झूठी बातें फैलाने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। आगाह किया कि जो लोग समाज में कटुता और वैमनस्य का बीज बोएंगे, उन्हें चुनावी नतीजा निराश करेगा। उन्होंने आग्रह किया कि कार्यकर्त्ता गांव-गांव जाकर सरकार की योजना और उपलब्धि की जानकारी जनता तक पहुंचाते रहें।
दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर ने बहादुरपुर विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्त्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व विकास की राह पर अग्रसर है। मोदी सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है। दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, रेलवे और हवाई संपर्क के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष केवल गुमराह कर रहा है जबकि एनडीए गठबंधन जनता के हितों और विकास के लिए समर्पित है।
सम्मिलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की रचना हो रही। और बिहार इस प्रयास में अहम भूमिका निभा रहा है। नवादा के सांसद विवेक ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी, केवटी के विधायक मुरारी मोहन झा, लोजपा आर के महासचिव शाहनवाज अहमद कैफी, हम के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन, बीजेपी के जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, जेडीयू के जिला अध्यक्ष ईश्वर मंडल, हम के जिला अध्यक्ष मनोज सदा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष लक्ष्मी पासवान, लोजपा आर के उपाध्यक्ष राणा चंदन सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता बीजेपी जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की जबकि संचालन जेडीयू के बहादुरपुर प्रखंड अध्यक्ष राम नरेश भगत ने किया।
इस अवसर पर जेडीयू के विधानसभा प्रभारी हरिशंकर पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, बहादुरपुर प्रखंड के प्रमुख रूबी राज, उप प्रमुख मनोज सिंह, विपुल राय, मिथिलेश लाल देव, बीजेपी जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राजेश रंजन, जिला मंत्री राहुल पासवान, मीरा मेहता, बालेंदु झा, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी, जिला प्रवक्ता प्रेम कुमार मिश्रा रिंकू, लक्ष्मण महासेठ, अमन राय, धर्मेन्द्र सहनी, बबलू सहनी, जितेन्द्र सिंह, शांति देवी संजय ठाकुर, सुशील सिंह, राजा बाबु सिंह, राजमोहन पासवान, रामाज्ञा चौधरी, सुनील कुमार मिश्रा, विवेकानंद पासवान, विनोद सहनी, विपीन साह, शशि साह, विजय चौधरी, नीलमणि पासवान, सुनील कुमार मिश्रा, कृष्ण भगवान झा, भद्रकांत चौधरी गुलशन, अशोक नायक, सपना भारती, रामभरोस साह, कल्पना झा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक दिलचस्प कथा से साक्षात्कार। कार्यक्रम में और उसके समापन के बाद। सभा मंच पर मखाना की भव्य माला के अंदर समाए बड़े नेताओं के बीच झांकता एक चेहरा .. और फिर वर्कर्स को भोजन की व्यवस्था करता वही व्यक्ति। सभा स्थल से सरंजाम सलीके से वापस करने का निर्देश देता एक युवा। धीर गंभीर। चित शांत। पूछने पर पलों की भीनी मुस्कान। सकुचाते उन्होंने बताया कि एनडीए का स्वयंसेवक हूं। बीच बीच में जेडीयू के जिला स्तरीय कई नेता आते और उनसे नमस्कार पाती कर थोड़े दूर जा खड़े हो जाते। अति सक्रिय इस युवा ने कहा कि उनका नाम अभिषेक सहनी है। भविष्य की राह पर बोले एनडीए को सशक्त बनाना। कहा एनडीए गठबंधन के दिग्गज नेताओं ने सियासत का उच्च बेंच मार्क स्थापित कर रखा है। इसके अनुरूप कर्म करना कड़ी चुनौती है। पर कार्यकर्ता सम्मेलन मे बड़ी संख्या में आए एनडीए वर्कर्स और आमजन के उत्साह और जोश चुनौती से पार पाने का भरोसा देते हैं। पलखत मिलते जिला पार्षद बबलू सहनी ने बताया कि ये युवा शख्स मंत्री मदन सहनी के पुत्र हैं। अभिषेक की गतिविधियों से निः श्रृत पॉलिटिकल ऑप्टिक्स पीढ़ी परिवर्तन का संकेत देती हुई। सियासी विरासत को आगे ले जाने की आहट सुना रही थी!

