दरभंगा।दीपावली /काली पूजा एवं दवात पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारित रखने हेतु जिले के सभी संवेदनशील स्थलों सहित 233 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस.एम. व वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम के द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए कहा गया है कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही आतंकवादी गतिविधियों एवं जिले में पूर्व में घटित संप्रदायिक घटनाओं एवं हिंदू तथा मुस्लिम संप्रदाय की मिली-जुली आबादी को ध्यान में रखते हुए इस पर्व के अवसर पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही कि कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन दिशा-निर्देश के के अनुसार ही दीपावली/काली पूजा एवं दवात पूजा का पर्व मनाया जाना है तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन मानक संचालन प्रक्रिया का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाना है।
उक्त के आलोक में जिलाधिकारी द्वारा दीपावली/काली पूजा एवं दवात पूजा के अवसर पर कोविड-19 के संक्रमण के मद्देनजर केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश को सभी संबंधित पदाधिकारी द्वारा शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
एतद् संबंधी निर्देश का अनुपालन कराने एवं उक्त पर्व को अपने-अपने क्षेत्र में शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्व में ही सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किया गया हैं।
साथ ही वर्ष 2006 से विभिन्न प्रखण्डों में घटित संप्रदायिक विवाद का उल्लेख करते हुए, वैसे स्थलों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित थाने को दिया है।
उन्होंने कहा है कि इन अवसरों पर असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक संस्थानों एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का प्रयास किया जा सकता है। साथ ही इस उद्देश्य से सोशल मीडिया का भी प्रयोग किया जा सकता है, इसलिए अफवाह फैलाने वाले तत्वों, संस्थाओं, असामाजिक तत्वों एवं गुंडा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और यदि किसी के द्वारा इस तरह की अफवाह फैलाई जाती है, तो त्वरित कार्रवाई की जाए।
सभी थानाध्यक्ष,ओपी अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत उक्त पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उपयुक्त निरोधात्मक कार्रवाई का अनुपालन सख्ती से कराना सुनिश्चित करेंगे।
दीपावली काली पूजा एवं दवात पूजा के अवसर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी हैं, जिसका दूरभाष नम्बर – 06272-240600 है। इसके अतिरिक्त सदर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर को, बिरौल अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बिरौल/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल को एवं बेनीपुर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर को तथा कमतौल अंचल के लिए कार्यपालक दण्डाधिकारी/ पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), दरभंगा को विधि-व्यवस्था संधारित करने के लिए संम्पूर्ण प्रभार प्रदान किया गया है तथा अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी थाना/ओ.पी. एवं गश्ती दल को भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार प्रसाद विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे। वे संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से अनुश्रवण एवं समन्वय कर उक्त पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।