स्थानीय प्रशासन को दें कानूनी कार्रवाई का आदेश
संवाददाता
दरभंगा
स्थानीय प्रशासन से गंभीर पहल नहीं होने से परेशान दरभंगा जिले के एक निवासी ने बिहार के डीजीपी से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है. आवेदन में कहा गया है कि मस्जिद के लिए रास्ता के नाम पर निजी जमीन दखल करने की कोशिश अवांछित लोग कर रहे हैं. स्थल पर तनाव की स्थिति निर्मित होने की आशंका जताई गई है. डीजीपी से आग्रह किया गया है कि वे इस मामले का संज्ञान ले कर कानूनी कार्रवाई का आदेश दें.
मामला जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पनसल्ला का है. निवासी कलाम ने आवेदन में अपने ग्रामीण सद्दाम पर तोहमत लगाया है कि उसने आजाद हुसैन, इरशाद हुसैन आदि के साथ मिलकर फरेब कर रजा जामा मस्जिद के नाम फर्जी कमिटी बनाकर रास्ता की खातिर 7 जनवरी 2023 को जो जमीन केवाला कराया वो उसकी जमीन है.
कमिटी में इनके अलावा अख्तर अली, इम्तियाज, शाहनवाज, इस्तियाक, फिरोज भी सदस्य हैं. कलाम का कहना है कि संबंधित जमीन उसने अपने भाई सलाम के साथ मिलकर मुन्नी से 2001 में खरीदा था.
उन्होंने बताया कि उस जमीन पर फसल लगी है. आवेदन में कहा गया है कि मस्जिद के नाम पर छोटा मोटा निर्माण किया गया है. आवेदक की फसल वाली जमीन से सटी जमीन आनंदी देवी की है. आवेदक को आशंका है कि स्थल पर संप्रदायिक विवाद की सूरत बन सकती है. कलाम ने डीजीपी से आग्रह किया है कि रजा मस्जिद से जुड़ी पूर्व के सर्वे खतियान या केबाला एवं अंचल राजस्व रशीद की जांच करवाई जाए.
कलाम का कहना है कि ग्राम में पहले से नूरानी मस्जिद है. अभी के प्रयास का मकसद जमीन हथियाना की मंशा से प्रेरित है. कलाम ने कहा कि सद्दाम, आजाद हुसैन और इरशाद हुसैन के साथ उनका दरभंगा कोर्ट में TS no 394/2013 और PS no 106/2017 का केस चल रहा है. इसी से बौखला कर ये लोग मस्जिद के रास्ता के नाम पर मेरी जमीन हथियाना चाहते हैं.

