सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर बनाया जाएगा मजदूर कार्ड
दरभंगा । सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सहायक श्रम आयुक्त दरभंगा प्रमंडल संजीव कुमार एवं सीएससी के जिला प्रबंधक राकेश कुमार खां के साथ बैठक कर वर्तमान में चल रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का समीक्षा कर जानकारी लिया । बैठक के उपरांत सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि “जिनकी मेहनत देश का आधार, उनके पेंशन का सपना साकार” के तहत प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए पेंशन योजना का प्रारंभ केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किया गया है।इसके तहत खेतिहर मजदूर, फेरीवाला, रिक्शा एवं ठेला चालक, भूमिहीन मजदूर, धोबी, कचरा चुनने वाला, बोझा धोने वाला, निर्माण मजदूर, घरेलू कामगार, दर्जी, पान दुकान वाले या इस तरह के अन्य कामगार जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष है और जिनका मासिक आय 15000 रुपया से कम है इस योजना का लाभ ले सकते है। इसके अलावा व्यापारी और स्वरोजगारियों के लिए भी केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय पेंशन योजना चलाया जा रहा है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि बिहार भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत लोगों को कई तरह का लाभ दिया जा रहा है। इसके तहत अठारह वर्ष से साठ वर्ष तक के निर्माण श्रमिक अपना निबंधन कर सरकारी सहायता प्राप्त कर सकते है। इस योजना में मृत्यु लाभ के तहत सामान्य मृत्यु में दो लाख एवं दुर्घटना मृत्यु में चार लाख रुपया का प्रावधान है । इसके अलावा मातृत्व लाभ, दाह संस्कार हेतु आर्थिक सहायता, पेंशन, परिवार पेंशन, शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता, नगद पुरस्कार, वार्षिक चिकित्सा सहायता इत्यादि अनेकों लाभ निबंधित लोगों को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना सभी वर्ग के लोगों के लिए है। सांसद ने कहा कि इस वर्ष अप्रैल से सितंबर तक छः सौ छिहत्तर निबंधित श्रमिकों को विभिन्न योजना में सहायता प्रदान किया जा चुका है। सांसद ने कहा कि जिला में अब तक 49235 लोगों द्वारा इसमें निबंधन कराया जा चुका है। उन्होंने कहा की विभागीय कार्य की महत्ता को देखते विभाग ज़िले में खाली सभी रिक्त पदों को जल्द भरे। वहीं सीएससी के संबंध में सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा की यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ऑनलाइन सर्विस योजना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे कामगारों का ई श्रम पोर्टल पर निबंधन कराया जा रहा है और निबंधन के पश्चात श्रमिकों को ई श्रम कार्ड भी निर्गत किया जा रहा है । ई श्रम कार्ड बनाने में सीएससी द्वारा काफी अहम भूमिका निभाया जा रहा है खासकर ग्रामीण क्षेत्रों जहां ऑनलाइन सुविधा का अभाव है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तैयार कराए जा रहे हैं इस डाटाबेस के आधार पर भविष्य में श्रमिकों के लिए योजना बनाने में सहायता मिलेगी और श्रमिकों को और अधिक सुविधा मुहैया कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि ई श्रम कार्ड धारक सभी श्रमिकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ केंद्र सरकार द्वारा मुफ्त में दिया जा रहा है। सांसद ने कहा कि इस डेटाबेस के तैयार हो जाने से सरकार द्वारा भविष्य में विभिन्न आपातकाल एवं सरकारी योजना का लाभ सीधे तौर पर श्रमिकों को प्रदान करने में काफी आसानी होगी। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि 16 वर्ष से 59 वर्ष आयु तक के सभी भारतीय नागरिक जो सरकारी नौकरी एवं आयकर रिटर्न नहीं भरते हो अपना रजिस्ट्रेशन इस पोर्टल पर करवा कर ई श्रम कार्ड प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक दो लाख आठ हजार छः सौ सतहतर लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन ई श्रम पोर्टल पर करवा कर ई श्रम कार्ड प्राप्त कर चुके हैं। जिसमें से सीएससी के माध्यम से 186533 ई श्रम कार्ड निर्गत किया गया है। इसके लिए सांसद श्री ठाकुर ने सीएससी के जिला प्रबंधक राकेश कुमार को बधाई दिया और आगे के लक्ष्य प्राप्ति हेतु उचित दिशा निर्देश भी दिया। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि सीएससी भारत सरकार की ऑनलाइन सर्विस प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सीएससी के तहत मुख्य रूप से आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, कृषि इनपुट सब्सिडी, कृषि पंजीकरण, रेलवे एवं हवाई टिकट, बैंकिंग एवं इंश्योरेंस सुविधा, सभी प्रकार के बिल पेमेंट की सुविधा, टेलीमेडिसिन, उज्जवला योजना के तहत गैस बुकिंग एवं डिलीवरी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री डिजिटल साक्षरता अभियान, पासपोर्ट, टेली लॉ, किसानों को कृषि वैज्ञानिक से सलाह सहित सैकड़ों नित्य उपयोगी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में लगभग 12 सौ से अधिक सीएससी केंद्र संचालित किया जा रहा है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के शुभ अवसर पर विभिन्न प्रदेशों से आए हुए मजदूर भाइयों एवं बहनों का विशेष अभियान चलाकर ई श्रम कार्ड का निबंधन कराया जाएगा।