अति पिछड़ा जातियों के कल्याण की राह में शिखंडी साबित हुए हैं सीएम नीतीश – मंगनी लाल मंडल

अति पिछड़ा जातियों के कल्याण की राह में शिखंडी साबित हुए हैं सीएम नीतीश – मंगनी लाल मंडल

अति पिछड़ा जातियों के कल्याण की राह में शिखंडी साबित हुए हैं सीएम नीतीश – मंगनी लाल मंडल

आ अब लौट चलें अपनी मूल धारा में

संजय मिश्र
दरभंगा

कर्पूरी के सहयोगी रहे आरजेडी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने सीएम नीतीश कुमार की तुलना पौराणिक खल पात्र शिखंडी से कर सियासी उत्तेजना पैदा कर दी है। दरभंगा में बुधवार को आयोजित अति पिछड़ा जातियों से संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 15 फीसदी वाले राजनीतिक लोग शेष 85 फीसदी लोगों के प्रतिनिधियों को परास्त रखने में लगातार सफल हो रहे हैं। और यह सब अति पिछड़ा जमात की अदूरदर्शिता की वजह से हो रहा है। भव्य आयोजन से गदगद अपने ओज पूर्ण भाषण के जरिए नया बिंब गढ़ते हुए उन्होंने भावनात्मक प्रहार किया। अति पिछड़ों से कहा .. जिनने आवाज दी उसे क्यों भूल गए आप ? झंझारपुर के आजन्म फायर ब्रांड नेता कहे जाने वाले मंगनी लाल मंडल ने अति पिछड़ा जातियों को पुचकारते अपील की — आ अब लौट चलें अपनी मूल धारा में।

वही छेब छटाक, विलुप्त हुए जा रहे धोती धारी नेता प्रजाति को गुमान देने वाले मंगनीलाल ने उनसे (अति पिछड़ों से) रोष व्यक्त किया कि आपकी बदौलत नीतीश को 20 साल मिले। इस दौरान नीतीश के पीछे खड़े राजनीतिक लोग गरीबों का हित प्रभावित करने में कामयाब हो रहे हैं।

आज के नेता एडजस्ट करने की कला विकसित कर चुके हैं पर मंगनीलाल कहां बदलने वाले। सभा में शिरकत करने वालों को बिहार ब्रांड समाजवादी सियासत समझाते हुए अपील करते दिखे कि अति पिछड़ों का भविष्य आरजेडी में ही सुरक्षित है। कर्पूरी के अवदान की याद दिलाई .. उन्हें सीएम पद से पदच्युत करवाने की कथा सुनाई और मास्टर स्ट्रोक खेला कि गरीबों, वंचितों को 26 फीसदी आरक्षण देने के निर्णय के कारण देश के नेता कर्पूरी ठाकुर को गालियां सुननी पड़ी। सुच्चा घाघ नेता हैं सो इस बात को पचा गए कि जिस राजनीतिक दल के नेताओं ने गाली दी उसी दल से आरजेडी आज के दिन गठबंधन करती है। यही सियासत है और अनुभवी मंगनीलाल जैसे नेता जानते हैं कि कहां किसी दल का नाम लेना है और कहां उस दल के समर्थक जाति की ओर इशारा भर कर देना है। कोई असहज होता है तो हो। करीने से उन्होंने नीतीश के गुड बुक वाले नेताओं के नाम की टाइटल बता दी।

सभा में आए लोग समर्थक होते सो वे महीन बातों की तरफ ध्यान क्यों देंगे? इस हकीकत को अनुभवी नेता जानते हैं। मंगनीलाल अपना संदेश पहुंचाने की जद्दोजहद में लगे दिखे। कर्पूरी से तारतम्य जोड़ते हुए लालू प्रसाद पर आए। कहा गरीबों को उन्होंने धमक वाली बोली दी। यह भी कह दिया कि इसी कारण लालू को चारा घोटाले में फसाया गया। जिस तरह कर्पूरी को असमय सत्ता गंवानी पड़ी उसी तरह लालू को भी। समर्थक जोड़ने की कला में माहिर मंगनीलाल क्यों कर बताते कि बीजेपी और वाम दलों के सहयोग से लालू पहली दफा सीएम बने थे। लालू काल की गौरव गाथा सुनाई और तेजस्वी को बिहार का भविष्य बताया। तेजस्वी को सीएम बनाने के लिए कमर कस लेने को कहा।

कार्यक्रम भव्य रहा जिसके लिए मंगनी लाल मंडल ने कुमार गौरव की भूरी भूरी प्रशंसा की। इलाके के आरजेडी के दिग्गज नेता मंच पर समा बांध रहे थे। इन ने संक्षिप्त भाषण दिया और मंगनी लाल मंडल के भाषण सुनने की जिज्ञासा व्यक्त की। साफ कहा कि वे कुछ सीख कर ही जाएंगे।

आयोजक कुमार गौरव सहित अति पिछड़ा जमात के नेताओं ने मौके का फायदा उठाया। बार बार .. और लगातार आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल से दरभंगा जिले में विधान सभा चुनाव में अति पिछड़ा के अधिक से अधिक नेताओं को टिकट देने की मांग की। टिकट की मांग और पहले तेजस्वी को सीएम बना देने की आवश्यकता के बीच मंद मंद रस्साकसी चलती रही। सभा में अब्दुल बारी सिद्दीकी, अली अशरफ फातमी, ललित यादव, आरजेडी जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव के अलावा कई वर्तमान और पूर्व विधायक विराजमान थे। उन्हें भी मंच पर जगह दी गई जो जिले में समाजवादी विचार की सियासत करते करते पाए विराट अनुभव की पूंजी से आरजेडी को लोकल स्तर पर सलाह देने की हैसियत रखते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *