शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पधारेंगे दरभंगा, होगी धर्म सभा
धर्म, आध्यात्म एवं समाज के कल्याण पर देंगे मार्गदर्शन
संजय मिश्र
दरभंगा
एक तरफ बिहार विधान सभा चुनाव की किसी दिन घोषणा होने को लेकर लोगों में उत्सुकता है तो दूसरी तरफ दरभंगा जिले में शंकराचार्य के आगमन को लेकर उमंग छा गया है। रविवार दिनांक 5 अक्टूबर को शंकराचार्य उत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें गोविंदपुर स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में 7 अक्टूबर 2025 को आयोजित होने वाली धर्म सभा की तैयारी के संबंध में चर्चा हुई।
गोविंदपुर में हुई बैठक में कार्यक्रम संयोजक धर्मवीर चौधरी ने बताया कि इस धर्म सभा में ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का आगमन हो रहा है। उन्होंने बताया कि शंकराचार्य का 4 बजे दरभंगा में आगमन होगा। सबसे पहले वे मुस्तफापुर स्थित गौशाला में गऊ पूजन करेंगे, फिर श्याम मंदिर में मां श्यामा की पूजा अर्चना करेंगे। उसके बाद शंकराचार्य बेनीपुर प्रखंड के सझुआर में अवस्थित मातृसदन आश्रम का दौरा करेंगे। उसके बाद बहादुरपुर प्रखंड के गोविंदपुर में आगमन होगा जहां उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की गई तथा उत्सव समिति के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई। धर्म सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति, मंच व्यवस्था, स्वागत-अभिनंदन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने उम्मीद व्यक्त की है कि 7 अक्टूबर को राम जानकी मंदिर गोविंदपुर में आयोजित धर्म सभा में जगतगुरु शंकराचार्य जी महाराज का आशीर्वचन समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को धर्म, आध्यात्म एवं समाज के कल्याण की दिशा में मार्गदर्शन करेगा।
बैठक में मनोज कुमार झा, अभयानंद झा, अरूण सिंह, महादेव चौधरी, संजीव कुवंर, अनिल चौधरी, मुकुंद चौधरी, चंदन चौधरी, हरखित चौधरी, अमरदीप झा, गौतम झा, रामाधार चौधरी, लक्ष्मी चौधरी, सुमित चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
