दरभंगा।विवादित जमीन पर पीएम आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए पैसा उठाने के कई मामले उजागर होते रहते हैं। सिंहवाड़ा के इसी तरह के मामले में तीनों किश्तों का भुगतान हो गया। लेकिन हकीकत सामने आने के बावजूद वहां के बीडीओ सरकारी पैसे की वापसी करवाने में आना कानी कर रहे।
ये मामला सिंहवाड़ा प्रखंड के मनिकौली पंचायत के पनसल्ला गांव का है। योजना का लाभ लेने वाली हैं जैमुन निसा। जिस जमीन पर उन्होंने निर्माण शुरू करवाया वो विवादित है। उस जमीन पर धारा 144 लग चुकी है। इतना ही नहीं, जमीन के हकदार मो सलाम ने कोर्ट में बटवारा वाद संख्या 106/17 दायर किया हुआ है। इसके अलावा सलाम की तरफ से उनके बड़े भाई मो कलाम ने लोक शिकायत का भी सहारा लिया। अभी ये शिकायत जिला लोक शिकायत के दरभंगा जिला पदाधिकारी सह पुनरीक्षण प्राधिकार में विचाराधीन है।
मो कलाम का कहना है कि बावजूद इन तथ्यों के भुगतान हो चुकी योजना राशि को वापस प्रखंड नजारत में जमा करवाने में बीडीओ दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि उल्टे लोक शिकायत के द्वितीय अपीलीय प्राधिकार से बीडीओ ने झूठ बोला और कहा कि सभी किस्त नहीं मिली है।
जबकि तब तक तीनों किस्त भुगतान हो चुका था। पुनरीक्षण अपील में आग्रह किया गया है कि बीडीओ के झूठ बोलने वाले कदम की जांच करा कर कानूनी कार्रवाई की जाए। द्वितीय अपील में दिए गए दस्तावेजों के पुनरीक्षण की जरूरत है।
कलाम ने दावा किया कि द्वितीय अपील के आदेश के विरूद्ध आपत्ति आवेदन साल 2019 में ही डीएम को दिया गया। जानकारी के मुताबिक इसे 06 – 08 – 2021 को डीडीसी को भेजा गया। लेकिन उस संबंध में किसी कार्रवाई किए जाने की कोई जानकारी पीड़ित पक्ष को नहीं मिली है।
पुनरीक्षण प्राधिकार से अनुरोध किया गया है कि सरकारी पैसा सरकार को वापस कराया जाए।