सीतामढी : पुलिस मुठभेड़ में एक शराब कारोबारी की मौत, तीन गिरफ्तार।

सीतामढ़ी: शराब के अवैध कारोबारियों के खिलाफ सीतामढ़ी के नानपुर थाना क्षेत्र के बुद्धनगर में सोमवार अलसुबह छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर धंधेबाजों ने हमला कर दिया। सोमवार की अहले सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक अपराधी प्रिंस कुमार को गोली लगी। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रिंस पर मुजफ्फरपुर के कटरा थाना में उत्पाद, रंगदारी समेत अन्य संगीन मामलों में चार से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एडीजी (मुख्यालय) जितेंद्र सिंह गंगवार ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता बताया कि इस मामले में विशाल सिंह, रूपेश समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। विशाल का भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके पास से पिस्टल और गोली बरामद हुई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रिंस ने रविवार शाम को गांव में फायरिंग की थी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की। नानपुर थाना पुलिस के साथ ही वज्रवाहन से भी टीम वहां पहुंच गयी। प्रिंस अपने शागिर्दों के साथ नानपुर थाना क्षेत्र के बुधनगरा व यजुआर के बीच एक बगीचे में बनी झोपड़ी में था। झोपड़ी चार पॉल्ट्री फार्म के बीच बनी थी। पुलिस की घेराबंदी देख प्रिंस ने भागने के दौरान फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी उस पर गोली चला दी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए बोखड़ा पीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने सदर अस्पताल सीतामढ़ी रेफर कर दिया। सीतामढ़ी ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

झोपड़ी में प्लास्टिक के बोरा पर खून का धब्बा मिला। वहां से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है। हालांकि, घटना के संबंध में ग्रामीण कुछ कहने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस ने पॉल्ट्री फार्म व आसपास के बगीचे की पूरी छानबीन की। हालांकि, इसमें पुलिस को कोई आपत्तिजनक चीजें नहीं मिलीं।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी गांधी कुमारी व उसकी मां इन्दु देवी रोते बिलखते अपने पति व पुत्र वापस करने की बात कर रही थी। वहीं, उसके पिता सुनील सिंह ने पुलिस पर बेटे की बेवजह हत्या करने का आरोप लगाया। पिता का कहना था कि उसका पुत्र यदि शराब धंधेबाज था, तो उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए था न कि गोली मारनी चाहिए थी। उसका पुत्र झोपड़ी में सोया हुआ था और पुलिस ने उसकी हत्या कर दी। एसपी हरकिशोर राय ने बताया कि बोखड़ा के बुधनगरा गांव में पुलिस सुबह आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गयी थी। इस दौरान प्रिंस सिंह उर्फ नेपाली ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस सिंह के सीने में गोली लगी।

उसे पहले पीएचसी, फिर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर डेथ को लेकर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *