दरभंगा: रविवार को अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के तारडीह प्रखंड अंतर्गत लगमा पंचायत के बथई गांव में लोजपा (रा) प्रखण्ड के प्रधान महासचिव उगन यादव की अध्यक्षता में प्रजा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश महासचिव प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सड़क, पुल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड एवं एक्सरे की सुविधा नहीं होना को बड़ी समस्या बताया। साथ ही रामपुर से कटमा बलहा रोड में पुल की अत्यंत आवश्यकता होने की बात भी लोगों ने कही। कई सड़कों के अतिक्रमण एवं जलजमाव की समस्या को भी लोगो ने रखा। बथई के महावीर स्थान परिसर अवस्थित ऐतिहासिक तालाब में घाट निर्माण की मांग भी लोगो ने रखी।
कार्यक्रम के विषय मे जानकारी देते हुए लोजपा (रा) के प्रदेश महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि एकतरफ जहां बिहार को बेहतर बनाने केलिए लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों से सुझाव मांग रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के कार्यकर्ता प्रजा संवाद के तहत क्षेत्र में जाकर लोगों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में लोगों ने समस्याओं को रखा है। इन सभी मुद्दों के समाधान हेतु लोजपा (रा) के कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जनता के साथ मिलकर प्रयास करेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष देवेंद्र झा, जिला मीडिया प्रभारी अमरेश राठौड़, प्रदेश सचिव प्रवीण झा, महिला जिला उपाध्यक्ष संजना पासवान एवं अमित ठाकुर आदि भी उपस्थित थे।