पूर्णिया : यहां बेखौफ बदमाशों ने मां-बेटे को गोली मार दी। गोली लगने से मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है।
महिला की पहचान देवरी गांव निवासी बीजो यादव की पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक उसका बेटा विकास कुमार है। बताया जा रहा है कि विकास कुमार पर तीन बच्चों की मां को भगाकर ले जाने का आरोप है। इसी को लेकर शनिवार की रात वारदात को अंजाम दिया गया। देर रात बदमाश ललिता देवी के घर में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक, ललिता देवी का मंझला बेटा मंजेश पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। पिछले दिनों जब मंजेश वापस पंजाब जा रहा था, तभी गांव की ही रहने वाली तीन बच्चों की मां पूजा मंजेश के साथ पंजाब चली गई। पूजा के परिजनों का आरोप है कि मंजेश ही बहला-फुसलाकर पूजा को अपने साथ ले गया है। इस बात को लेकर पूजा के परिजनों ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।