रामनवमी और मुहर्रम के अखाड़ों को दरभंगा नगर निगम करेगा सम्मानित – डा मुन्ना खान
जुड़ेगा भारत .. जीतेगा इंडिया की भावना को मिलेगा पंख
संजय मिश्र
दरभंगा
इंडिया जैसे सांस्कृतिक विविधता वाले देश में सामूहिक आयोजनों के सहभागियों को उत्साहित और प्रेरित करना जरूरी है। साझी विरासत पुष्ट होती है और सद्भाव का संचार होता है। और इसकी पहल सरकार से जुड़े अंग करते हैं तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। ये बातें पूर्व पार्षद और समाजसेवी डा मुन्ना खान ने मंगलवार को कही। दरभंगा के नगर आयुक्त से उनके दफ्तर में मुलाकात के बाद वे पत्रकारों से रूबरू हुए।
उन्होंने कहा कि दरभंगा नगर निगम ने विभिन्न दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को सम्मानित कर सराहनीय कदम उठाया है। डा मुन्ना खान ने नगर आयुक्त से अनुरोध किया है कि इसी तरह रामनवमी और मुहर्रम के अखाड़ों को दरभंगा नगर निगम सम्मानित करे। नगर आयुक्त ने इस सुझाव पर प्रसन्नता व्यक्त की और आगे से इस पर अमल करने का वायदा किया। डा मुन्ना खान ने याद दिलाया कि दरभंगा के मुहर्रम का आयोजन देश भर में प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि सम्मान के कारण आम जन अधिक उत्साह से कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं साफ सफाई में सहयोग को तत्पर होंगे। पूर्व पार्षद ने दावा किया कि इससे समाज में समन्वय की भावना प्रबल होगी। डा मुन्ना खान ने दार्शनिक अंदाज में उम्मीद जताई कि ऐसे निर्णयों से – जुड़ेगा भारत .. जीतेगा इंडिया – की भावना परवान पर चढ़ेगी।

