बढ़ते बेरोजगारी के खिलाफ अनुपम के नेतृत्व में ‘हल्लाबोल यात्रा’ निकला

दरभंगा।देश में बेरोजगारी के चलते बढ़ती आत्महत्या के खिलाफ युवा नेता अनुपम के नेतृत्व में चम्पारण से शुरू हुई ‘हल्लाबोल यात्रा’ आज दरभंगा पहुंची।

बिहार यात्रा की शुरुआत 16 अगस्त को भितिहरवा स्थित गाँधी आश्रम से हुई थी। ज्ञात हो कि देश में बेरोज़गारी को राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बनाने में ‘युवा हल्ला बोल’ संस्थापक और अध्यक्ष अनुपम की अहम भूमिका रही है।

अंबेडकर कल्याण छात्रावास में युवाओं को संबोधित करते हुए अनुपम ने कहा कि बेरोज़गारी जीवन मरण का सवाल बन चुका है। युवाओं का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है। अब युवाओं को चाहिए भ-रो-सा यानी ‘भारत रोजगार संहिता’। सरकार देश के सभी रिक्तियों को अविलंब भरे और ‘भर्ती आचार संहिता’ लागू कर 9 महीने में नियुक्ति पूरी करे। इसके अतिरिक्त हर वयस्क के लिए रोजगार गारंटी और सरकारी संपत्ति को बेचने के खिलाफ कदम उठाने की मांग दोहराई। युवा नेता शरद ने अपने विचार रखते हुए देशव्यापी युवा आंदोलन के जरूरत पर बल दिया।
आंदोलन के राष्ट्रीय महासचिव एवं यात्रा प्रभारी प्रशांत कमल ने कहा कि पहले किसानों के आत्महत्या की खबरें आती थी अब भारी संख्या में युवाओं के आत्महत्या की खबरें आ रही है। युवाओं की आत्महत्या देश में राजनीतिक बहस के केंद्र में होना चाहिए। आज की सबसे बड़ी बहस होनी चाहिए लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोई बात नहीं कर रहा ऐसे में युवाओं को इकट्ठा होकर कहना पड़ेगा कि ‘आत्महत्या नहीं, आंदोलन होगा’।

देर शाम ग्राम रण्ना में सम्मानित ग्रामीणों एवम सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद में  ब्रजेश सिंह राठौर, प्रमोद सिंह, हेमंत झा, अनिल पासवान, चंदन कुमार झा सहित क्षेत्र के कई पंचायत प्रतिनिधियों एवम पूर्व प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *