दरभंगा: बिहार सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को पीएम किसान सम्मान निधि की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा जिला के 27 हजार किसानों के बैंक खाता का ई-केवाईसी नहीं हुआ है। इसके कारण 1 जून से दो – दो हजार रुपये का लाभ जो तीन बार मिलता है, उससे वे वंचित रह सकते हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी विपिन बिहारी सिन्हा ने बताया कि जिले में दो लाख पांच हजार किसानों को वर्तमान में इस योजना का लाभ मिल रहा है। इस योजना के लाभ के लिए बैंक खाता का ई-केवाईसी के साथ एनपीसीआई से लिंक करना आवश्यक हो गया है। ऐसे अनेक किसान हैं जिनके पास कई बैंक खाते हैं और सभी आधार से लिंक है, ऐसे में राशि किस खाते में जाएगी यह सुनिश्चित करने के लिए किसी एक बैंक खाते को एनपीसीआई से लिंक कराना होगा, यानी आधार सीडिंग कराना होगा। इसके अतिरिक्त एक एप्प विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से कृषि विभाग द्वारा वे किसान अपने खाते का ई-केवाईसी करा लें तो आधार सीडिंग अपने आप हो जाता है। इसके अतिरिक्त एक उपाय यह भी है कि वह अपना नया खाता नजदीकी डाकघर (इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक) में खोलवा लें। वैसे किसानों की सूची कृषि समन्वयक के पास उपलब्ध है जिनके बैंक खाता का आधार सीडिंग नहीं है, उन किसानों की सुविधा के लिए 1 जून से प्रत्येक पंचायत में कृषि विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें डाक घर के कर्मी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहेंगे और शिविर में ही नया खाता खुलवाया जा सकता है। शिविर में उन्हें अपना निबंधन संख्या, अपना आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर के साथ मोबाइल फोन भी लाना होगा, क्योंकि ओटीपी उसी मोबाइल नम्बर पर जाएगा, जो शिविर में उन्हें बताना होगा।