दरभंगा।समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक की गई समीक्षा बैठक में बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं वरीय प्रभारी पदाधिकारी से बाढ़ की स्थिति के संबंध में फीडबैक लिया गया।
बहादुरपुर अंचल के अंचलाधिकारी ने बताया कि तारालाही, अझौल, खराजपुर एवं मनिहारी पंचायत प्रत्येक वर्ष बाढ़ प्रभावित हो जाता है। वर्तमान में मनिहारी के तेलिया पोखर में पानी आया है तेलिया पोखर में सामुदायिक रसोई प्रारंभ करने का आदेश दिया गया है लेकिन अभी मनियारी सिमरा निहालपुर का पहुंच पथ चालू है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित पंचायत एवं गांव का वीडियोग्राफी करा ली जाए। जी आर (बाढ़ सहाय्य अनुदान) के लिए आवश्यक है कि पहुंच पथ डूब गया हो एवं 5 से 7 दिनों तक घर में पानी रहा हो। इसलिए संबंधित गांव का वीडियो ग्राफी करा ली जाए। इसके लिए कार्यपालक सहायक को लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि पूरा गांव बाढ़ प्रभावित होगा तभी अनुदान की राशि मिलेगी यदि कुछ घरों में भी पानी प्रवेश कर जाता है तो उन परिवारों को बाढ़ अनुदान राशि प्राप्त होगी,जिनके घर में पानी प्रवेश कर गया है।
हनुमाननगर के अंचलाधिकारी ने बताया कि बहपट्टी, अम्माडीह, पंचफूटिया एवं सिरनियाँ में सामुदायिक किचन चलाया जा रहा है। अंचलाधिकारी हनुमाननगर ने बताया कि सिरनिया और पचफूटिया में चापाकल लगवा दिया गया है।
बैठक में बताया गया कि पशुपालन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद किसी बैठक में नहीं आते हैं। जिलाधिकारी ने उनका वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की है।
सदर अंचल के संबंध में बताया गया कि लोआम एवं बासुदेवपुर में पानी प्रवेश कर गया है काकरघाटी एवं खरूआ में भी पानी प्रवेश करने की संभावना है। बताया गया कि केवटी में पानी बढ़ेगा तो खरूआ पंचायत भी प्रभावित होगा।
जिलाधिकारी ने डीसीएलआर सदर को बाजपट्टी, शहवाजपुर, बासुदेवपुर एवं लोआम का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी के अंचलाधिकारी ने बताया कि केवटगामा पुल के पास का पहुंच पथ एवं खलासीन मार्ग में सड़क की स्थिति खराब हो गई है।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को इन स्थलों का स्वयं मुआयना कर लेने का निर्देश दिया गया।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी के अंचलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में एक चापाकल, दो शौचालय का निर्माण करवाया गया है। तथा 500 पॉलीथिन शीट का वितरण बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच वितरण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि विगत दो से तीन दिनों में नदी का जलस्तर घटा है।
बेनीपुर के अंचलाधिकारी ने बताया कि बेनीपुर में अभी कोई भी पंचायत या गांव बाढ़ प्रभावित नहीं है।
अंचलाधिकारी केवटी ने बताया कि केवटी के 26 में से 23 पंचायत बाढ़ प्रभावित हो गया है,जहाँ कुल 67 सामुदायिक रसोई चलाए जा रहे हैं। जिनमें 23 हजार 307 लोगों को भोजन कराया जा रहा है। अबतक 516 पॉलीथिन शीट का वितरण बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच करवाया गया है। उन्होंने कहा कि असराहा में पानी घटा है। लेकिन, पूरब दिशा में अभी भी पानी है।
हायाघाट के अंचलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच 1050 पॉलीथिन शीट का वितरण करवाया गया है तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित स्थलों का वीडियो ग्राफी अच्छी तरह से करवा लेने का निर्देश दिया।
जल निःसरण विभाग के कार्यपालक अभियंता को नुनछड़वा बांध का कार्य पूरा करवा लेने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सड़कों का स्वयं निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता, डीसीएलआर सदर सादुल हसन एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।