पटना से दरभंगा तक एनआईए की छापेमारी, मचा हड़कंप।

पटना से दरभंगा तक एनआईए की छापेमारी, मचा हड़कंप।

बिहार की राजधानी पटना और दरभंगा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल रविवार को एनआईए और एटीएस की टीम बिहार के पटना और दरभंगा जिले में संयुक्त छापेमारी कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार एनआईए और एटीएस की टीम पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र और दरभंगा बहेड़ा में पहुंची है. बताया जा रहा है कि यह छापेमारी फुलवारीशरीफ पटना थाना काण्ड सं 827 में वांछित अभियुक्त मुमताज अंसारी से मिली जानकारी के आधार पर हो रही है. यह पूरा मामला पीएफ़आई से जुड़ा होने की बात कही जा रही है.

जानकारी के अनुसार एनआईए और एटीएस की टीम पटना पुलिस के साथ मिलकर के फुलवारीशरीफ इमारत-ए-शरिया के सामने एक बुक स्टॉल पर छापेमारी कर रही है. मोहम्मद रियाजउद्दीन कासमी के यहां छापेमारी की जा रही है. टीम 2 बजे रात से लगी हुई है. लेकिन, अभी तक कुछ खास नहीं मिला है. वहीं दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के गाजियाना गांव और छोटकी बाजार में भी एनआईए की छापेमारी चल रही है. एसएसपी अवकाश कुमार ने भी इसकी पुष्टि की है. इस दौरान एक संदिग्ध युवक को एनआईए की टीम ने पीएफआई मामले में गिरफ्तार किया है. युवक पटना में मदरसा में पढ़ाई करता था. अरबी भाषा को टारंसलेट करने में था माहिर. एनआईए को युवक का आईएसआई से संपर्क होने का भी लीड मिला है.

बता दें, एनआईए के फुलवारीशरीफ पटना थाना काण्ड सं 827 में वांछित अभियुक्त है मुमताज अंसारी को बिहार एटीएस की टीम ने तमिलनाडु के तिरिवल्लूर जिला के पेरियापल्लम थाना क्षेत्र स्थित एक कारखाना से गिरफ्तार किया था. जानकारी के अनुसार मुमताज अंसारी से मिले इनपुट के आधार पर ही एनआईए और एटीएस की टीम पटना और दरभंगा में छापेमारी करने पहुंची है.

एडीजी, बिहार पुलिस मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार मुमताज की गिरफ्तारी को लेकर पिछले दस दिनों से बिहार एटीएस तमिलनाडु के तिरिवल्लूर जिला में कैंप कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद बिहार एटीएस ने मुमताज अंसारी को एनआईए को सौंपा था. मुमताज अंसारी बिहार के पूर्वी चम्पारण जिला के मेहसी थाना क्षेत्र का निवासी है.वह बिहार से भागकर तमिलनाडु तिरिवल्लूर में एक पेन्नार नाम की कम्पनी में अपना पहचान बदलकर काम कर रहा था.

जानकारी के अनुसार बिहार एटीएस मुमताज अंसारी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है. बिहार के किस किस थाना में मुमताज अंसारी के ऊपर दर्ज है केस इसका पता लगाया जा रहा है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *