पंचायत में मतदान केंद्रों का होगा लाइव वेबकास्टिंग

दरभंगा।बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में होने वाले पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए दो पंचायत में मतदान केंद्रों को लाइव वेबकास्टिंग से जोड़ा गया है ।साथ ही शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी ऐतिहातिक कदम उठाए जा रहे हैं ।निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी शंभू नाथ झा ने बताया कि बेनीपुर प्रखंड के बाथो रढियाम पंचायत के रढियाम एवं महीनाम गांव के मतदान केंद्रों का लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी जिससे जिला पदाधिकारी के साथ साथ चुनाव आयोग सीधे जुड़े रहेंगे । साथ ही उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अनुमंडल क्षेत्र में 2828 लोगों के विरुद्ध बहेरा एवं अलीनगर थाना से भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रतिवेदन प्राप्त हुआ है । जिसमें सबों को बंध पत्र भरने के लिए नोटिस जारी की गई थी । जिसमें 1538 व्यक्तियों ने अपना बंध पत्र जमा किया है एवं बंध पत्र जमा नहीं करने वाले 375 लोगों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी की गई है । साथ ही चुनाव की तैयारी के संबंध में उन्होंने बताया कि बेनीपुर प्रखंड को 17 कलस्टर में बांटा गया है इसके तहत प्रत्येक पंचायत के मध्य में एक क्लस्टर पॉइंट बनाया गया है । जहां पर सेक्टर दंडाधिकारी , कलस्टर दंडाधिकारी ,तकनीकी विशेषज्ञ के साथ-साथ पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है । जिनके पास खाली ईवीएम अतिरिक्त आवंटित की गई है जो किसी भी मतदान केंद्र से ईवीएम में आई तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही 10 मिनट के अंदर उक्त मतदान केंद्र पर पहुंचकर आम लोगों के समक्ष नए ईवीएम को एक्टिवेट करेंगे । जिससे कि मतदान की प्रक्रिया में कोई विघ्न बाधा उपस्थित ना हो । साथ ही उन्होंने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के दोनों प्रखंडों का ईवीएम सीलिंग का काम संपन्न कर लिया गया है । इस दौरान उन्होंने आम मतदाताओं से अपील की है कि निर्भीक होकर निष्पक्षता के साथ मतदान में भाग ले प्रशासन मुस्तैदी के साथ आम लोगों के साथ है ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *