धूमधाम से जानकी प्राकट्य दिवस को मनाएगा विद्यापति सेवा संस्थान।

धरती पुत्री मां जानकी का प्राकट्य दिवस समारोह विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 29 अप्रैल को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में प्रातः काल माता जानकी की प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा – अर्चना होगी। जानकी पूजन एवं भव्य शोभायात्रा के साथ मैथिली दिवस समारोह की शुरुआत होगी। यह बातें विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ.वैद्यनाथ चौधरी बैजू ने सोमवार की शाम मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं. कमलाकांत झा की अध्यक्षता में तैयारी को लेकर हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि कई दशकों से जानकी नवमी का आयोजन संस्थान द्वारा किया रहा है। जबकि बीते एक दशक से अधिक समय से मूर्ति पूजा भी की जा रही है। जानकी नवमी का विस्तार – अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोहपूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है। अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं। जानकी दिवस की शुरुआत मां जानकी के प्रतिमा पूजन एवं श्यामा मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकालकर होगी। इसमें संयोजिका डॉ. सुषमा झा एवं सखी बहिनपा समूह की मुख्य नेत्री आरती झा के नेतृत्व में सैकड़ों मातृ शक्ति भाग लेंगी और नारी सशक्तिकरण का शंखनाद करेंगी। उन्होंने बताया कि जानकी नवमी समारोह में सूबे के मंत्री संजय झा, पूर्व मंत्री जिवेश मिश्र, आलोक रंजन झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ. सीपी ठाकुर, सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद डॉ. मदन मोहनi झा, पूर्व विधान पार्षद डॉ. विनोद कुमार चौधरी व प्रो दिलीप कुमार चौधरी आदि भाग लेंगे। डॉ. बैजू ने जानकी अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते हुए मिथिला के हर घर में जानकी पूजन सुनिश्चित करने का आवाहन किया। जानकी – सम्मेलन की संयोजिका डॉ. सुषमा झा ने मां जानकी के प्राकट्य दिवस पर जानकी सम्मेलन के आयोजन को काफी उपयोगी बताया और सभी माता – बहनों को इसमें शामिल होने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने की बात कही। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाने वाला जानकी सम्मान इस वर्ष सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा को दिए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। मैथिली दिवस समारोह के आयोजन की कमान सर्वसम्मति से संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा को सौंपी गई। बैठक में विनोद कुमार झा, प्रो. चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाइ, दुर्गा नन्द झा, डॉ. गणेश कांत झा, डॉ. उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, मनीष कुमार झा, चौधरी फूलकुमार राय, रामाज्ञा झा, पंकज कुमार ठाकुर आदि ने भाग लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *