डीएम ने तीनों एस.डी.ओ को खाद दुकानों पर लगातार छापेमारी करने का दिया आदेश
दरभंगा । लगातार जनप्रतिनिधियों एवं किसानों से खाद की कालाबाजारी की मिलने वाली सूचना को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम ने दरभंगा जिला के तीनों अनुमण्डल यथा – सदर, बेनीपुर एवं बिरौल अनुमण्डल के अनुमण्डल पदाधिकारी एवं प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी को खाद दुकानों पर लगातार छापामारी करने एवं नियमित रूप से खाद दुकानों की जाँच करते रहने का आदेश जारी किया गया है।
उक्त के आलोक में बेनीपुर अनुमण्डल में अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर शम्भू नाथ झा द्वारा अनुमण्डल क्षेत्र के कई खाद दुकानों की जाँच/छापेमारी की गयी।
बेनीपुर अनुमण्डल क्षेत्र के आशापुर चौक स्थित दो अलग-अलग खाद दुकान यथा – सुल्तानिया खाद बीज भंडार एवं रजी अहमद खाद बीज की दुकान में कालाबाजारी की संलिप्तता पायी गयी। जाँच के दौरान पाया गया कि दुकानों में खाद की कालाबाजारी की जा रही है। उक्त दुकानों का स्टॉक रजिस्टर का मिलान करने पर अनियमितता की जानकारी मिली। जिस पर अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर द्वारा उक्त खाद दुकानदारों के विरुद्ध बहेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी।
जिलाधिकारी द्वारा सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को खाद की दुकानों पर लगातार छापेमारी करते रहने को कहा।