डायन के नाम पर वृद्ध महिला को ग्रामीणों ने बांधकर पीटा।

भोजपुर: बिहार में एक वृद्ध महिला को बिजली पोल से बांध कर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला यह वीडियो भोजपुर जिले का है जहां वृद्ध महिला पर डायन का आरोप ग्रामीणों के पिटाई भी की है। मामला सहार थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया गांव का है। पीड़ित महिला पतरिया निवासी स्वर्गीय राम अयोध्या शर्मा की पत्नी कलावती देवी है।

वायरल वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। पीड़िता के पुत्र आलोक कुमार का कहना है कि उसके पड़ोसी के घर में कई महीनों पूर्व उसके बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी। आरोपियों ने उस मौत का आरोप मेरी मां कलावती पर लगाते हुए कहा कि यह डायन है और इसी वजह से कलावती देवी को पोल में बांध कर उसकी पिटाई की गई। पीड़िता के पुत्र आलोक ने बताया कि यह घटना गुरूवार की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीणों ने 112 को सूचना देकर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर 112 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचने पर मामला शांत कर दिया गया और पुलिस वापस लौट गई।

महिला को बिजली के खंभे में बांधे जाने के दौरान किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया था जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में सहार थाना की पुलिस के लौटजाने के सवाल पर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने महिला के रस्सी को खोल दिया था। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को आरोपी के घर की महिलाओं ने ही वापस लौटा दिया था।

पुलिस इस मामले पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। इस संबंध में भोजपुर एसपी का कहना है कि उक्त मामले में सहार थाना में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।जल्दी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *