जेडीयू कार्यकर्त्ता सम्मिलन की तैयारी पूरी, पार्टी को मजबूत करने पर नजर
मिथिला में तीसरी सियासी शक्ति का स्पेस लेने की है ख्वाहिश
संजय मिश्र
दरभंगा
जेडीयू की अहम कार्यकर्त्ता सम्मिलन की तैयारी पूरी हो चुकी है। रविवार को लहेरियासराय के पोलो ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में पटकथा लिखने का मनसूबा है कि बीजेपी और आरजेडी के लिए उर्वर रही मिथिला की सियासी जमीन में से तीसरी मजबूत शक्ति बनने और हिस्सेदारी झटकने की कोशिश की जाए। उप चुनावों में 10 फीसदी वोट पाने वाले पीके की पार्टी की अलग से चुनौती है। जेडीयू कार्यकर्त्ता सम्मेलन के जरिए पार्टी संगठन को मजबूत आधार देने की विकलता जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल के चेहरे पर साफ दिखी।
सत्ताधारी दल होने की वजह से गुटबाजी होना आम है। आयोजन स्थल वही है जहां कुछ साल पहले गुटबंदी के कारण उस समय के जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ललन सिंह को मंच छोड़ नीचे कार्यकर्ताओं के बीच बैठना पड़ा था। इस दफा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा हैं और सभी गुट उनसे आत्मीय दिखना चाहते। गोपाल मंडल ने कहा संजय झा ही सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। बकौल जिला अध्यक्ष संजय झा की छवि इलाके के विकास पुरुष की है।
शनिवार को सम्मिलन की तैयारी को अंतिम रूप देते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि विशिष्ट अतिथि बिहार सरकार के मंत्री लेसी सिंह, रत्नेश सदा, मदन सहनी, झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल, सलीम परवेज, पूर्व मंत्री रंजू गीता, मुनेश्वर चौधरी, विधान पार्षद ललन सराफ, विधायक विजय निषाद, विनय चौधरी, पूर्व सांसद कविता सिंह, भूमि पाल राय आदि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल के जिम्मे रहेगा। कार्यक्रम दिन के 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा।
खास बात है कि जिला सम्मेलन के बाद संगत – पंगत कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने कार्यकर्ताओं के संग एक साथ भोजन करेंगे। मकसद है वर्कर्स का मनोबल बढ़ाना। इस मौके पर जदयू नेता राजकुमार झा, कमलेश मंडल, शिवनंदन सिंह, सुभाष चौपाल, सुनील ठाकुर, मुकेश सिंह, जोहा सिद्दीकी, सुभाष चंद्र यादव, राजकुमार दास आदि मौजूद थे।
