दरभंगा। 75 वीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आईआईटी जी मेंस के प्रारंभिक एग्जाम में 99.78 परसेंटाइल अंक लाने पर जतिन ठाकुर को “श्रीदिलपुर रत्न अवार्ड 2021” से क्रांतिस्तंभ श्रीदिलपुर में पूर्व विधान परिषद प्रो० विनोद कुमार चौधरी ने किया सम्मानित। सम्मान लेने के लिये जतिन के पापा स्वयं दिल्ली से आये थे। इस मौके पर जतिन के पापा हरिश्याम ठाकुर, चाचा रघुनाथ ठाकुर व भाई ठाकुर उपस्थित थे। जतिन फिलहाल “मिशन जी एडवांस” की वजह से खुद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाया। इसीलिए उन्होंने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया।
जतिन को सम्मानित करते हुए प्रो० विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि जतिन में अद्वितीय प्रतिभा है। उन्होंने श्रीदिलपुर व रामभद्रपुर पंचायत के साथ-साथ दरभंगा जिला का नाम रौशन किया है। मेरा आशीर्वाद व सहयोग सदैव जतिन के साथ है। आगे उन्होंने कहा कि गाँव स्तर पर इस तरीके के “रत्न अवार्ड” की शुरूआत करने के लिये मैं समस्त श्रीदिलपुर ग्रामवासियों को बधाई देता हूँ। वर्तमान समय की जरूरत है कि श्रीदिलपुर के इस अनूठे मॉडल को हर गाँवों को अपनाना चाहिये क्योंकि इस प्रकार के पुरुस्कार से छात्रों में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा का माहौल बनता है जो कि ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति साबित हो सकता है।
जतिन ने अपने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि आज मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मुझे मेरे गाँव के द्वारा “श्रीदिलपुर रत्न अवार्ड 2021” से सम्मानित किया गया है। आज मैं इस सम्मान को पाकर बहुत उत्साहित हूं। मेरे गाँव वालों ने मेरे मनोबल को और बढ़ाया है जो मुझे “आईआईटी जी एडवांस” की तैयारी में मददगार साबित होगा। इसके लिये मैं समस्त ग्रामवासियों के साथ-साथ पूर्व विधान परिषद प्रो० विनोद कुमार चौधरी को भी धन्यवाद देता हूँ जो मुझे इस अवार्ड के लायक समझा।
इस मौके पर जतिन के पापा हरिश्याम ठाकुर ने कहा कि यह मेरे जीवन के लिये सबसे बड़ा भावुक पल है। एक बाप के लिये इससे बड़ी खुशी का पल क्या हो सकता है जब उसके बेटे को रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा हो और वो भी तब जब उस रत्न अवार्ड की शुरुआत उसके अपने गाँव से शुरू हुआ हो। इसके लिये उन्होंने समस्त श्रीदिलपुर ग्रामवासियों के साथ-साथ पूर्व विधान परिषद प्रो० विनोद कुमार चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Posted inFeatured