दरभंगा: बिशनपुर थाना क्षेत्र के एसएच 50 पर रक्सी पुल पोअरिया पावर सब स्टेशन के पास मंगलवार की शाम करीब 07.30 बजे लुटेरों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर उनकी बाईक, रुपए व जेवरात लूट लिये।
लूट के शिकार जख्मी स्वर्ण व्यवसायी की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लाईट हाऊस सिनेमा चौक अन्हरियाबाग निवासी लोकेश कुमार के रूप में की गयी है। अपराधियों ने उनसे 30 हजार नगद व 30 हजार के जेवरात लूटे हैं। बताया जाता है कि व्यवसायी लोकेश बिशनपुर चौक पर सदीक मार्केट में शांति ज्वेलर्स नाम की दुकान चलाते हैं। वे रोज की तरह शाम में दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पोअरिया पावर सब स्टेशन के पास घात लगाए तीन लुटेरों में से एक ने उन पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने कंधे में लगी। इससे वे घायल होकर जमीन पर गिर गये। इसके बाद लुटेरे उनकी बाईक, बैग में रखे जेवरात व नगदी तथा दुकान की चाबी लेकर चंपत हो गये। बिशनपुर थाने के गश्ती दल ने उन्हें हनुमाननगर सीएचसी पहुंचाया। वहां से उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।