दरभंगा।बेनीपुर राष्ट्रीय लोक अदालत आगामी 11 सितंबर के सफल आयोजन को लेकर एसीजेएम अमित आनंद ने बेनीपुर अधिवक्ता संघ के सचिव अमित कुमार, वरीय अधिवक्ताओं एवं पैनल अधिवक्ताओं के साथ बैठक किया। एसीजेएम श्री आनंद ने कहा कि न्यायालय से सुलह योग्य वादों का चयन कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से कहा कि शमनीय वाद के पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने मुकदमे का निपटारा कराने को प्रेरित करें। दूसरी ओर श्री आनंद ने पैनल अधिवक्ताओं के साथ भी बैठक किया जिसमें उन्होंने पैनल अधिवक्ताओं से कहा कि पक्षकारों को लोक अदालत के जरिए मुकदमा निष्पादन कराने के फायदे को बताये कि सुलह समझौता के आधार पर मुकदमा खत्म होता है। समय और पैसे की बचत होती है। आपसी भाईचारा बना रहता है। सभी पैनल अधिवक्ताओं ने अधिक से अधिक वादों का निष्पादन लोक अदालत के माध्यम से कराने की सहमति जताई। मौके पर वरीय अधिवक्तागण महेंद्र नारायण झा, स्वतंत्र कुमार मिश्र, सेवती कुमार प्रसाद, रामसागर झा, अरुण कुमार झा आदि मौजूद थे।