एक बार फिर बालू माफियाओं ने दिया अपने बढ़े हुए हौसले का परिचय, पुलिस टीम पर हमला।

एक बार फिर बालू माफियाओं ने दिया अपने बढ़े हुए हौसले का परिचय, पुलिस टीम पर हमला।

गया में बालू के अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने गई मेन थाना की पुलिस पर बालू माफियाओं द्वारा हमला कर दिया गया। पुलिस टीम और बालू माफियाओं के बीच हुई झड़प में एक पुलिस अधिकारी और एक सैप का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची मेन, पाई बिगहा और बेलागंज थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोइरी बिगहा गांव में छापेमारी कर दो ट्रैक्टर को जब्त किया है।

वहीं, पुलिस की भनक लगते ही बालू माफिया और उसके गुर्गे फरार हो गए। इधर, झड़प में घायल पुलिसकर्मियों को सीएचसी बेलागंज में इलाज कराया जा रहा है। घटना के संबंध में मेन थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर गुप्त सूचना मिली थी कि मोरहर नदी में थाना क्षेत्र के कोइरी बिगहा गांव के समीप बालू माफियाओं द्वारा अवैध बालू का खनन कर कई ट्रैक्टर से बालू का उठाव किया जा रहा है।

सूचना के बाद एसआई पारस शाह के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान चिन्हित स्थल पर पहुंचे। वहां आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर से बालू का खनन किया जा रहा था। पुलिस को देख सभी ट्रैक्टर चालक भागने लगे, जिसमें से एक ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया और थाना लेकर जा रही थी। उसी दौरान ट्रैक्टर पकड़े जाने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में बालू माफिया और उसके गुर्गे द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया और पुलिस से जबरन ट्रैक्टर छुड़ाकर ले भागे।

पुलिस पर हुए हमले में थाना में पदस्थापित एसआई पारस शाह और सैप का जवान सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज सीएचसी बेलागंज में कराया जा रहा है। वहीं, पुलिस पर हुए हमले और झड़प के बाद मेन थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार के नेतृत्व में मेन, पाई बिगहा और बेलागंज थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कोइरी बिगहा गांव में छापेमारी कर दो ट्रैक्टर को जब्त किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *