दरभंगा । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आगामी 29 सितंबर को बेनीपुर अनुमंडल में आयोजित पंचायत चुनाव के संदर्भ में सभी बिंदुओं पर फुलप्रुफ व्यवस्था संपादित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी के अध्यक्षता में नगर परिषद सभागार में बैठक आयोजित की गई । बैठक में सभी सेक्टर पदाधिकारी, पंचायत सचिव ,प्रखंड कर्मी के साथ-साथ शिक्षा विभाग के कर्मी उपस्थित थे । इस दौरान सर्वप्रथम विद्यालय जहां अवस्थित मतदान केंद्र है उसके लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा गया कि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान कर्मी या मतदाता को किसी भी प्रकार की कठिनाई उपस्थित नहीं हो । इसके लिए बिजली ,पानी ,शौचालय के साथ-स।थ फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । इसी तरह का निर्देश सभी पंचायत सचिव को दिया गया कि सामुदायिक भवन ,अनुसूचित जाति दरवाजा पर अवस्थित मतदान केंद्रों को सभी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए और मतदाताओं के हर सुविधा का ख्याल रखा जाए ।साथ ही उन्होंने प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बी डी ओ अमोल मिश्र को निर्देशित करते हुए कहा कि ईवीएम डिस्पैच से लेकर मतदान केंद्रों तक ईवीएम का सुरक्षा एवं उसकी तकनीकी त्रुटि का पूर्ण ख्याल रखा जाए । साथ ही मतदान के दिन हर सेक्टर पदाधिकारियों के पास ईवीएम की समुचित व्यवस्था एवं तकनीशियन की मौजूदगी सुनिश्चित हो जिससे कि किसी भी मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन में आई त्रुटि या तकनीकी खराबी का समाधान स समय कर ली जाए ।और मतदाताओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई उपस्थित नहीं हो । इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार झा ,प्रखंड विकास पदाधिकारी अमोल मिश्र ,प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी ,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित सभी सेक्टर दंडाधिकारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे ।