महिला की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेमी की बेवफाई से थी हताश।

दरभंगा: किराए के मकान में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश मामले का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। साथ ही महिला के प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेमी की बेवफाई के कारण महिला द्वारा आत्महत्या किये जाने की बात सामने आयी है।

गुरुवार को इस संबंध में दरभंगा के सिटी एसपी सागर कुमार ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के बहादुरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी में गत 25 अप्रैल वंशलाल ठाकुर के किराए के मकान में एक महिला का शव मिला था। जांच के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि बहेड़ा थानाक्षेत्र के घोघिया गांव निवासी कारी यादव का 22 वर्षीय पुत्र अजय यादव उक्त महिला को अपनी पत्नी बताकर किराए के मकान में करीब तीन महीने से रह रहा था। महिला की मौत से तीन दिन पहले से वह फरार था।

घटनास्थल से मृतका का मोबाइल सिम सहित बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित रूप से मोबाइल का सीडीआर निकाला। साथ ही अजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद पूछताछ में सारा मामला साफ हो गया।

दरअसल, मृत महिला गोरखपुर की रहने वाली काजल कुमारी और अजय यादव दोनों आर्केस्ट्रा में काम करते थे। काजल शादीशुदा थी। पर उसका प्रेम संबंध अजय के साथ हो गया। दोनों दरभंगा में आकर लिव इन मे रहने लगे। दोनों के बीच शारीरिक संबंध होने की बात भी अजय ने स्वीकार किया है।

इसी बीच अजय की शादी उसके परिवारवालों ने कहीं अन्य तय कर दी। अजय काजल को धोखा देकर उसे छोड़कर निकल गया। इस बात की जानकारी मिलते ही काजल हताश हो गयी। वह अपना सबकुछ छोड़कर अजय के भरोसे आयी थी। इसी हताशा में काजल ने आत्महत्या कर ली।

सिटी एसपी ने बताया कि शारीरिक शोषण और आत्महत्या केलिए मजबूर करने के मामले में मृतका के प्रेमी अजय यादव को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आगे की कानूनी कारवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *