मतदाता जागरूकता चुनाव आयोग का सराहनीय कदम, प्रत्येक प्रखंड में संचालित हो इवीएम प्रदर्शन केंद्र – ऋचा (युवा वोटर)
संवाददाता
दरभंगा
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 को लेकर चुनाव आयोग तमाम तैयारियों के साथ वोटर जागरूकता पर ध्यान दे रहा है। दरभंगा जिले में वोटर्स को जागरूक करने के लिए तीन इवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) प्रदर्शन केंद्र संचालित हैं। जहां मतदाताओं के बीच इवीएम तथा वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) के काम करने के तरीके बताए जाते हैं। ऐसा ही एक केंद्र समाहरणालय परिसर स्थित डीपीआरओ दफ्तर में काम कर रहा है। यहां वास्तविक मशीनों के जरिए मतदान करने का मॉक ड्रिल करवाया जाता है।
दरभंगा के डीपीआरओ सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि इसका मकसद है कि वोटिंग के दिन मतदाता का वोट डालने में आत्म विश्वास बना रहे। केंद्र पर प्रतिनियुक्ति कर्मी संभव ने बताया कि दरभंगा जिले में बेनीपुर और बिरौल सहित तीन केंद्र कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट उपलब्ध कराये गये हैं। गुरुवार का दिन खास रहा। प्रतिनियुक्ति कर्मी सुनील गुप्ता ने बताया कि करीब 50 महिलाओं ने वोटिंग की जानकारी हासिल की। युवा मतदाता ऋचा बेहद उत्साहित दिखी। उन्होंने कहा कि ये सराहनीय पहल है। आयोग को चाहिए कि जिले के हरेक प्रखंड में इस तरह के केंद्र हों। अन्नू नाम की गर्भवती मतदाता ने गौर से मशीनों के संबंध में जानकारी ली। मानो धारण की हुई भविष्य के वोटर के लिए मतदान के महत्व की अभी से राह तैयार कर रही हों। समाहरणालय परिसर स्थित प्रदर्शन केंद्र पर समाचार लिखे जाने तक 206 मतदाता वोटिंग प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ले चुके हैं। दरभंगा के उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में करीब 700 मतदाता जागरूकता केंद्रों का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित ये प्रदर्शन केन्द्र चुनाव की घोषणा/प्रेस नोट की तिथि तक कार्यरत रहेंगे।

