दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के पघारी सिहुलियाही सड़क में बोरबा गाछी के निकट सोमवार की रात एक अपराधी को देसी कट्टा के साथ लोगों ने पकड़ लिया। फिर थाना को सूचना दी गई। लेकिन जबतक थाना की पुलिस उक्त स्थल पर पहुंचती आक्रोशित भीड़ ने जमकर धुनाई कर दी गई। फिर पुलिस ने उसे थाना ले गई। जिसके बाद पूछताछ की गई। जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि पघारी गांव के अजय कुमार चौधरी के पुत्र शिवम कुमार व सुन्दरम कुमार बाइक से अपने खराब ट्रैक्टर को देखने अपने घर से सिहुलियाही जा रहा था। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर आम के बगीचा के निकट चार अपराधियों ने बाइक रोक दी।
एक अपराधी ने देसी कट्टा सुन्दरम कुमार के कनपट्टी में सटा दिया। तब तक पीछे से शिवम कुमार ने उसको पकड़ लिया और हल्ला किया। चन्हा बांध से सिहुलियाही गांव के दर्जनों युवक घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। शिवम के पिता अजय कुमार चौधरी भी बाइक से वहां आ गए। इस बीच तीन अपराधी बगल की चौर की ओर भाग गए। जबकि इसी थाना क्षेत्र के बघड़ा गांव के मो फैयाज के पुत्र मो ताहिर देसी कट्टा के साथ लोगों के हत्थे चढ़ गया। थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पकड़ाए अपराधी को ग्रामीणों ने देसी कट्टा व मोबाइल फोन के साथ पुलिस को सौंप दिया। पकड़ाए अपराधी के निशानदेही पर पुलिस ने स्थानीय थाना के महुआ के बिल्टू पासवान, कल्याणपुर के सरोज पासवान व सोनू पासवान को भी रात में ही हिरासत में ले लिया।
