बिहार के छपरा में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को अपने गांव की लड़की से लव मैरिज करना भारी पड़ गया. घटना छपरा जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के चपरैठा गांव की है, जहां युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान चपरैठा गांव के दिलीप गिरी के 36 वर्षीय बेटे सूर्यकांत गिरी के रूप में हुई है.
पुलिस ने बताया कि सूर्यकांत गिरी सोमवार (2 अक्टूबर) को शाम को अपनी कार से अपने घर के तरफ जा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को स्थानीय थाना स्थित टोल प्लाजा से पांच सौ मीटर की दूरी पर रोक दिया. इसके बाद उसने सूर्यकांत के सिर में बंदूक सटाकर गोली दाग दी. इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई.
इस घटना की सूचना मिलते ही सूर्यकांत गिरी के परिजन इलाज के लिए उन्हें एकमा के एक निजी अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए छपरा भेज दिया.
रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि मृतक सूर्यकांत गिरी ने एक साल पहले गांव की ही लड़की के साथ भागकर शादी की थी, जिसके बाद से ही दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था और दोनों परिवारों के बीच कई बार विवाद हो चुका था. मृतक के घरवालों ने लड़की के परिवार पर हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, अभी कुछ भी साफ नहीं है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं, मृतक सूर्यकांत गिरी के भाई ने बताया कि मेरे भाई ने उनके परिवार की लड़की से एक साल पहले लव मैरिज की थी और इस वजह से वो लोग नाराज थे.

