सुस्त हुई खाकी, बढ़ रहा अपराध का ग्राफ; भट्ठा संचालक की पीट – पीटकर हत्या।

सुस्त हुई खाकी, बढ़ रहा अपराध का ग्राफ; भट्ठा संचालक की पीट – पीटकर हत्या।

नालंदा: इस्लामपुर थाना इलाके के जैतीपुर बाजार में एक ईंट-भट्ठा संचालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान पटना जिले के मनेर थाना इलाके के लोदीपुर गांव निवासी रघुनाथ राय के पुत्र अरुण कुमार के रूप में की गई है. घटना के बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. यह पूरा विवाद पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है. अरुण कुमार को यहां ठेकेदार से पैसा लेना था.

इस पूरे मामले में मृतक अरुण कुमार के साथी जयशंकर प्रसाद ने बताया कि जैतीपुर के मोजाहिदपुर गांव निवासी लेबर सप्लायर बिजेंद्र चौधरी को 15 लाख रुपये दिए गए थे. लेबर लाने के लिए पैसे दिए गए थे लेकिन ठेकेदार ने लेबर नहीं पहुंचाया. इसको लेकर ईंट-भठ्ठा के मालिक अरुण कुमार बार-बार काफी दिनों से बोल रहे थे. फोन भी करते थे लेकिन कोई रिप्लाई नहीं दिया जा रहा था. इसी कड़ी में गुरुवार की शाम वह ठेकेदार के गांव रुपये लेने के लिए पहुंच गए.

साथी ने ही बताया कि ईंट-भट्ठा संचालक ने ठेकेदार को अपनी स्कॉर्पियो में बिठा लिया और साथ ले जाने लगे. ठेकेदार जैतीपुर बाजार के पास ही मिल गया था. पैसे मांगने पर आनाकानी करता रहा. इस बीच ठेकेदार ने अपने लोगों को इसकी जानकारी फोन कर दे दी. इसके बाद उसके लोग पहुंचे और गाड़ी से अरुण कुमार को खींच लिया. इसके बाद पीट-पीटकर मार डाला.

हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है. यह मामला रुपयों के लेनदेन का है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्कॉर्पियो में शव को लेकर जा रहे हैं. पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी बरामद कर लिया है. पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा. इस मामले में कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *