बिना सूचना के प्रधान लिपिक सरकारी रोकड़ बही एवं चेक बुक के साथ फरार

दरभंगा।बेनीपुर अंचल के निवर्तमान अंचलाधिकारी भुवनेश्वर झा के बाद अब बेनीपुर अंचल के  प्रधान लिपिक इब्ले हसन एवं लेखापाल संजीव कुमार चौधरी के ऊपर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है ।प्रधान लिपिक एवं नाजिर पिछले 1 सप्ताह से अधिक समय से बगैर सूचना के सरकारी रोकड़ बही एवं चेक बुक के साथ फरार चल रहा है । वर्तमान अंचलाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने दोनों लिपिक से स्पष्टीकरण पूछते हुए उच्चाधिकारी को सूचना भेजी है ।  ज्ञात हो कि अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा द्वारा बाढ़ राहत कार्य में लापरवाही सहित अन्य सरकारी कार्य में उदासीनता के आरोप में निवर्तमान अंचलाधिकारी के विरुद्ध प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को भेजा था । उक्त आलोक में जिला पदाधिकारी त्यागराजन एस एम ने  पिछले 18 जुलाई को अंचलाधिकारी श्री झा को कार्य मुक्त करते हुए अलीनगर के अंचलाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव को बेनीपुर का पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया था । संतोष कुमार ने निर्धारित तिथि को ही अंचल कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण करते हुए कार्य प्रारंभ कर दिया । लेकिन रोकड़ बही अद्यतन नहीं रहने के कारण नजारत का प्रभार वर्तमान अंचलाधिकारी को नहीं दिया जा सका । लेकिन इस बीच अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक इब्ने हसन एवं नाजिर संजीव कुमार चौधरी नजारत के कागजात के साथ बगैर कोई सूचना के कार्यालय से फरार चल रहे हैं ।मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी ने प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण पूछते हुए इसकी जानकारी उच्च अधिकारी को भी दे दी है । और प्रधान लिपिक का प्रभार वरीय कर्मी अरुण कुमार चौधरी को लेने का निर्देश दिया है ।   दूसरी ओर प्रधान लिपिक इब्ने हसन  अंचलाधिकारी के अधिकार क्षेत्र को ही चुनौती देते हुए कहा है कि स्पष्टीकरण का जवाब भेज दिया गया है कैसबुक अद्यतन करने के लिए ही कार्यालय से 1 सप्ताह का छुट्टी लिया गया था जिसकी प्राप्ति अंचल के सहायक से करवा ली गई है । और कार्यालय के प्रधान लिपिक का प्रभार किसी भी संविदा कर्मी को नहीं दी जा सकती है । इधर अंचलाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि कार्यालय में नियमित कर्मी के अभाव में काम चलाने के लिए संविदा कर्मी से ही काम लिया जाता है और वर्तमान प्रधान लिपिक के रहते कार्यालय का सुचारू संचालन असंभव प्रतीत होता है ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *