दरभंगा: इन दिनों प्यार को पाने केलिए देश की सरहदों को पार करने की लगातार चल रही श्रृंखलाओं में अब एक और देश का नाम जुड़ गया है। इस बार अपने प्यार को पाने को पाने केलिए दो बच्चों की माँ संगीता देवी अपने बच्चों को छोड़कर दरभंगा पहुंच गयी। हालांकि इस कहानी में प्रेमी ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया है।
इसे लेकर लहेरियासराय थानाक्षेत्र के बाकरगंज स्थित गायत्री मंदिर मोहल्ला में शुक्रवार की देर रात से हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है। नेपाल निवासी संगीता देवी अपने दोनों बच्चों को पहले पति के पास छोड़ आई। इसके बाद अपने प्रेमी की खोज में घर से निकलकर दरभंगा आ पहुंची।
काफी मशक्कत बाद जब प्रेमी का घर मिला तो उसकी खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि, जब इसकी जानकारी संगीता के प्रेमी गोविंद कुमार की पत्नी को मिली तो वह गुस्से से लाल हो गई। उसने संगीता को घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। कुछ ही पल में हो-हंगामा शुरू हो गया।
हंगामा देखकर मोहल्ले के लोग जुट गए। इस बीच प्रेमी गोविंद मौका देख अपने घर से फरार हो गया। संगीता चीख-चीखकर लोगों को बताने लगी कि वह गोविंद से प्रेम करती है। गोविंद उसका पति है। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई हैं। उसने मंदिर में शादी करने की बात भी कही।
उधर, गोविंद की पत्नी प्रेरणा ने उसके दावों को खारिज कर दिया है। उसने कहा कि उसकी शादी को आठ वर्ष हो गए हैं। प्रेम विवाह करने के बाद उसने दो बच्चों को जन्म दिया है। ऐसे में, उसका पति किसी दूसरे से कैसे प्रेम कर सकते है। उसने कहा कि हमारे पति किसी संगीता को नहीं जानते हैं।
इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। संगीता ने कई तस्वीर आस-पास के लोगों को दिखाई, जिसमें दोनों माला पहने एक-दूसरे से चिपके नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची।
प्रेमिका ने वापस जाने से किया इनकार
समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने की कोशिश की गई। हालांकि, नेपाल से आई प्रेमिका ने वापस जाने से इनकार कर दिया। वह अपने प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई है। इससे नाराज होकर प्रेमी गोविंद के मकान मालिक ने कमरा खाली करने का आदेश दे दिया है।
ऐसी स्थिति में गोविंद की पहली पत्नी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उधर, महिला थानाध्यक्ष नूसरत जहां ने बताया कि पीड़िता थाने आई थी। मामला नेपाल से जुड़ा है। वरीय पदाधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है। पीड़िता को आवेदन देने के लिए कहा गया है।
बताया जाता है कि गोविंद कुमार मूल रूप से समस्तीपुर जिले का निवासी है। हालांकि, वह बचपन से लहेरियासराय थानाक्षेत्र के बाकरगंज में रहता है। वह पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित बंधन बैंक में पदस्थापित था।
गोविंद की प्रेमिका के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर दोनों की दोस्ती हुई। संगीता ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में उसका घर है। जहां से वह अपने प्रेमी से मिलने आती थी। इसी दौरान दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। इसके बाद गोविंद उसे रक्सौल में रखने लगा। इस बीच गोविंद उसे छोड़कर फरार हो गया। पता चला कि उसने कहीं अपना तबादला करा लिया है। इसके बाद उसे खोजते हुए वह दरभंगा पहुंची।

