दिवंगत विधानपार्षद प्रो. विनोद चौधरी को श्रद्धांजलि देने दरभंगा पहुंचे नीतीश कुमार, शोकाकुल परिवार को बढ़ाया ढांढ़स।

दिवंगत विधानपार्षद प्रो. विनोद चौधरी को श्रद्धांजलि देने दरभंगा पहुंचे नीतीश कुमार, शोकाकुल परिवार को बढ़ाया ढांढ़स।

दरभंगा: पूर्व विधानपार्षद प्रो. विनोद कुमार चौधरी को श्रद्धांजलि देने आज स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दरभंगा के बलभद्रपुर स्थित उनके आवास पर शाम के 4 बजकर 18 मिनट के करीब पहुंचे। सबसे पहले मुख्यमंत्री श्री कुमार ने दिवंगत विधानपार्षद प्रो. विनोद कुमार चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया और उसके बाद उनकी अर्धांगिनी डॉ. सरोज चौधरी, बड़ी पुत्री माधवी मधु व छोटी पुत्री सह प्लुरल्स सुप्रीमों पुष्पम प्रिया चौधरी, उनके छोटे भाई सह बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रो. विनोद कुमार चौधरी सूचिता व सिद्धांत की राजनीति के परिचायक थे। उनकी शालीनता व मृदुभाषिता के हम सभी कायल थे। प्रो. चौधरी के निधन से आज एक युग का अंत हो गया है। वो ना सिर्फ एक प्रोफेसर के रूप में समाजशास्त्री थे बल्कि सामाजिक समरसता उनमें कूट-कूट कर भरा हुआ था और उनके विचारों में समाजवादी सोच झलकती थी। हमारी शोक संवेदनाएं आप सभी के प्रति हैं। हम आपलोगों के साथ इस दुख की घड़ी में खड़े हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे के क्रम के विस्तृत जानकारी देते हुए बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस अवसर पर दिवंगत नेता उमाकांत चौधरी को याद करते हुए अपने साथ किए गए कामों के संबंध में चर्चा किए। वहीं उन्होंने कहा कि उमा बाबू से 1994 से 2005 तक साथ में काम किए। कभी यह एहसास नहीं हुआ कि वे उन्हें कितना मानते थे। उन्होंने कहा की इस परिवार के साथ जब कभी भी कोई घटना घटती है। तो ऐसा लगता है अपने परिवार में यह घटना घटी है।

वहीं विधायक प्रो. चौधरी ने आगे कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमारे पिताजी स्व. उमा बाबू की याद करते हुए कहा कि सन् 1994 से लेकर 2005 तक प्रारंभिक संघर्ष के दौरान हम उमा बाबू के साथ यहीं रहते थे। उनके साथ काफी स्नेह एवं सम्मान मिलता था। आज तक उस समय को भुला नहीं हूं।

मुख्यमंत्री के काफिले में उनके साथ बिहार सरकार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सह दरभंगा के पूर्व सांसद मो. अली अशरफ फातमी, उद्योग मंत्री समीर महासेठ के ओएसडी मनोज कुमार झा, मदरसा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डॉ. एजाज अहमद, कुशेश्वरस्थान विधायक अमन भूषण हजारी, हायाघाट के विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद समेत कई विधायक, अधिवक्ता सह प्रो. चौधरी के करीबी संजीव कुमार मिश्रा सहित सैकड़ों जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *