प्रखंड मुख्यालय जाम कर लोग कर रहे थे प्रदर्शन, पुलिस की फायरिंग से पांच लोगों को लगी गोली।

प्रखंड मुख्यालय जाम कर लोग कर रहे थे प्रदर्शन, पुलिस की फायरिंग से पांच लोगों को लगी गोली।

बिहार के कटिहार जिले में पुलिस फायरिंग में एक की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि 5 लोगों को गोली लगी है, जिसमें तीन की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बारसोई अनुमंडल में पौने तीन बजे बिजली विभाग के रवैये से गुस्साए लोग प्रखंड मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मुख्य मार्ग जाम कर लोगों ने प्रदर्शन किया।

इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस के साथ झड़प की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने गोली चलाई।

ग्रामीणों का आरोप है कि 5 लोगों को गोली लगी। तीन की मौत की सूचना है। दो की स्थिति नाजुक है। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बारसोई प्रेमनाथ राम ने एक की मौत की पुष्टि की है। उसका नाम बासल गांव निवासी 34 वर्षीय खुर्शीद आलम है।

वहीं, बारसोई के चापाखोड़ पंचायत निवासी 32 वर्षीय नियाज आलम, जिसकी स्थिति नाजुक है। जिसे हायर सेंटर भेजा गया है। मालूम हो कि सुबह 5 बजे से 11 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित थी। जिसके कारण लोग आक्रोशित हो गए थे। फिलहाल इलाके में स्थिति तनाव पूर्ण है। एसपी जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग कैसे हुआ, आदेश किसने दिया। इसका पता लगाया जा रहा है।

कटिहार में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गई। सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा मुख्यालय से घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

इधर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि कटिहार में नीतीश जी की पुलिस ने गोली चलाकर आम लोगों काे मारने का काम किया। यह काफी र्दुभाग्य पूर्ण है। मैं मांग करता हूं बिहार सरकार तुरंत इसपर हाइ लेवल जांच करें। नीतीश कुमार पहले नौकरी मांगने वालों पर गोली चलवा रहे थे। अब बिजली मांगने वालों पर गोली चलवाने का काम कर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *