चक्रवात ‘मोका’ कई राज्यों पर ढाएगा कहर, इन इलाकों में तूफान के साथ बारिश का अलर्ट।

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि शाम को मौसम में नमी 31 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह सुहावनी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन में दिल्ली में पारा 40 के पार जा सकता है। वहीं, 11 मई के बाद तूफान मोका के कारण दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और इससे सटे क्षेत्र में आज चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुआ चक्रवात ‘मोका’ एक-दो दिन में लैंडफाल करेगा। चक्रवात कहां लैंडफाल करेगा, यह अभी तय नहीं है लेकिन मौसम विभाग का मानना है कि इसका रुख बंगाल की तरफ नहीं होगा। इसकी वजह से राज्य में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवात के कारण अचानक तापमान बढ़ गया है। अगले कुछ दिनों तक लू की चेतावनी जारी की गई है।

विभाग ने आशंका जताई है कि बुधवार से पारा और चढ़ेगा और राज्य के कई इलाकों में और गर्मी बढ़ेगी। अलीपुर मौसम कार्यालय ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में तापमान बढ़ेगा। कोलकाता में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। चिलचिलाती धूप से पश्चिमी जिले झुलसेंगे। वहां पारा 42-43 डिग्री तक चढ़ेगा।

अगले दो-तीन दिन लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। बीरभूम, पूर्व और पश्चिम ब‌र्द्धमान, बांकुड़ा, हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर में लू की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को उत्तर बंगाल के मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में लू की स्थिति रहेगी।

गुरुवार को दक्षिण बंगाल के छह जिलों के लिए लू की चेतावनी है। अगले 48 से 72 घंटों में ऐसी ही गर्मी रहेगी। चार दिनों में सापेक्ष आ‌र्द्रता में 25 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। पिछले कुछ दशकों के तापमान से पता चला है कि बंगाल की खाड़ी में गर्मी की औसत दर कहीं अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि समुद्र का स्तर और समुद्र के पानी का तापमान बढ़ रहा है, नतीजतन लू की स्थिति विकसित हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *