दरभंगा । सांसद डॉ गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा एम्स परियोजना की प्रगति पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से मुलाकात की। बैठक के दौरान, स्वास्थ्य मंत्री ने सांसद को आश्वासन दिया कि एम्स से संबंधित सभी पहलुओं का गंभीरता से विश्लेषण करने के बाद परियोजना को तीव्रगति से अमल में लाने के सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। एम्स निर्माण में किसी तरह का गतिरोध उत्पन्न नही हो इस संदर्भ में व्यापक विमर्श हुआ। सांसद ने कहा की दरभंगा एम्स का निर्माण राज्य सरकार द्वारा जमीन हस्तांतरण के मामले को उलझाने के कारण अटका हुआ है। बिहार सरकार एम्स निर्माण हेतु दिए जाने वाले जमीन के मामले को पेंडुलम की तरह लटका रखी है।
सांसद ने स्मरण दिलाया कि मिथिला में एम्स के खुलने से उत्तर बिहार के साथ-साथ नेपाल के दर्जनों जिलों के करोड़ों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। डॉ ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से दरभंगा एम्स में जल्द से जल्द एमबीबीएस पढ़ाई शुरू करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की और इसके लिए उपयुक्त सुझाव भी दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि चीजों को बहुत ही गंभीरता से लिया जा रहा है।
सांसद डॉ ठाकुर ने बताया कि ₹ 1264 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दरभंगा में स्थापित करने की दिशा में वो शुरू से प्रयासरत रहे है। यही कारण हैं कि आज दरभंगा में एम्स स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। प्रस्तावित एम्स शीघ्र मूर्तरूप ले इसके लिए सभी तरह के प्रयास जारी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी तरह की स्थिति का स्थायी निराकरण करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार का दूसरा एम्स जल्द ही आकार ले ये उनका सर्वोपरि लक्ष्य है।
सांसद ने आगे कहा कि विकास के मुद्दे पर वह किसी भी तरह की आलोचना को सहर्ष स्वीकार करने के लिए तैयार है।अपने क्षेत्र के विकास के लिए सतत प्रयासरत रहे हैं।
सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना आने बाद नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में देश के सबसे सफल हवाई अड्डों में शुमार दरभंगा एयरपोर्ट का शीघ्र विस्तार होगा। देश के छोटे और दूरस्थ लेकिन संभावित हवाई मार्गों को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण क्षेत्रीय संपर्कता योजना उड़ान के तहत, अब देश के छोटे शहरों से भी लोग विमान सेवा का लाभ ले रहे हैं। परंतु दरभंगा एयरपोर्ट कि आशातीत सफलता ने तो उड़ान स्कीम के औचित्य को राष्ट्रीय फलक पर स्थापित कर दिया है।
उन्होंने कहा की बिहार सरकार द्वारा दरभंगा एयरपोर्ट के विकास के लिए जमीन नहीं उपलब्ध कराने के कारण इसका विकास और विस्तार अब तक बाधित था। पररंती अभी अभी इस हवाई अड्डे के विस्तार के लिए आवश्यक जमीन दी गई है। अब दरभंगा एयरपोर्ट पर सर्व सुविधा युक्त टर्मिनल भवन का निर्माण एवं इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो चुका है। इसको लेकर वह केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एएआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मिल चुके है।इसी क्रम में वह हाल ही में पूरी तरह सुसज्जित टर्मिनल भवन के निर्माण पर चर्चा करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार के साथ भी मुलाकात किए थे । उन्होंने कहा की अब दरभंगा एयरपोर्ट सभी सुविधाओं से युक्त एयरपोर्ट बन जाएगा।
भाजपा सांसद ने कहा की अपने क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर करना और हवाई अड्डे का विस्तार उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है।