अप्रशिक्षित शिक्षकों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से न्याय के लिए मांगा सहयोग
दरभंगा। जिला के सैकड़ो अप्रशिक्षित शिक्षकों पर लटकी तलवार के बीच शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ गोपगुट के बैनर तले जिला प्रवक्ता धनन्जय झा एवं कार्यकारणी सदस्य प्रवीण नायक के नेतृत्व में बिहार विधानपरिषद शिक्षक निर्वाचन के सदस्य एवं बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा से मिलकर अप्रशिक्षित शिक्षकों को न्याय दिलाने में मदद की अपील किये। धनन्जय झा एवं प्रवीण नायक ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न विभागीय अडचनों के कारण ये शिक्षक अप्रशिक्षित रह गए है जिसके सन्दर्भ में विभाग संज्ञान लेने के बदले एवं उन अड़चनों का निदान करने के बदले इन्हें निकालने की धमकी दे रहा है। इसमें से कई शिक्षक ऐसे भी है जो नियोजन प्रक्रिया से असंतुष्ट होकर न्यायालय या प्राधिकार के शरण मे चले गए थे तथा उन्हें न्याय मिलने में विलम्ब हुआ और इसी बीच प्रशिक्षित होने की अवधि निकल गई तो वही कई शिक्षक ऐसे भी है जो एक या दो विषय मे अनुत्तीर्ण है तथा जिनके लिए पूरक परीक्षा की व्यवस्था करके उन्हें प्रशिक्षित करवाया जा सकता है लेकिन इन सबके बाबजूद सरकार इनके अवस्था पर ध्यान देने के बदले दो वर्षों से इनका वेतन बन्द करके रखी है आज ये शिक्षक भुखमरी के कगार पर है तथा मानसिक समाजिक एवं विभागीय अवसाद का शिकार हो रहे है। हम सरकार से यह मांग कर रहे है कि वे इन्हें प्रशिक्षित होने का एक अवसर और दे। हलांकि इनमें भी बहुत सारे शिक्षकों का मामला न्यायालय में लम्बित है।