प्रभार का बहाना बना कर बीआरसी नही आते कभी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी:- संघ
दरभंगा। तीन महीने से अधिक हो गए है प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी बहेड़ी के अतिरिक्त प्रभार लिए लेकिन अभीतक शिक्षा पदाधिकारी कभी बीआरसी में नजर नही आये है नतीजा शिक्षकों का दोहन चरम पर है। दरअसल प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी बहेड़ी के पद रिक्त रहने के फलस्वरूप गौड़ाबौराम के बीईओ को बहेड़ी प्रखण्ड के शिक्षा महकमा के सुचारू संचालन आदि के लिए अतिरिक्त प्रभार दिया गया था लेकिन गौड़ाबौराम में ही अति व्यस्त रहने का बहाना बनाकर वे कभी भी क्षेत्र में नही आये हालांकि यह बात अलग है कि यदा कदा कभी कभार कुछेक विद्यालय का निरीक्षण करके कागजी खानापूर्ति जरूर की गई लेकिन हकीकत कुछ और ही बया कर रही है। टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ गोपगुट के जिलाध्यक्ष प्रमोद मण्डल एवं महासचिव रंजन पासवान ने पत्र लिखकर जिला शिक्षा पदाधिकारी से इस मुद्दे पर संज्ञान लेने का अनुरोध जरूर किया लेकिन उनके स्तर से अभीतक कोई समुचित कार्रवाई नही की गई। पूछने पर नाम गुप्त रखने की शर्त पर एक शिक्षक ने बताया कि बीईओ के द्वारा जब भी विद्यालय का निरीक्षण किया जाता है तब वे उपस्तिथि पंजी को अपने साथ लेकर चले जाते है और फिर विद्यालय प्रधान को गौड़ाबौराम बुलाकर उनका आर्थिक दोहन करते है। वही संघ के जिला प्रवक्ता धनन्जय झा ने बताया कि नियमित बीइओ के नही रहने से शिक्षा कार्यालय पूर्णतः अस्त व्यस्त हो चुका है। बात चाहे एरियर की हो या फिर लोन बुक की इन सबके लिए शिक्षकों को परेशान होना पड़ता है। वही एक अन्य शिक्षक ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि प्रत्येक कार्य के लिए कोई न कोई साधन एवं साध्य इनके द्वारा तय की गई है जिसे पूरा नही करने पर शिक्षकों को बेबजह परेशान किया जाता है। प्रखण्ड के शिक्षक अवसाद पूर्ण जीवन जीने को मजबूर है और जिसका प्रभाव न केवल उनके स्वास्थ्य अपितु उनके सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी पड़ता है।