राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत दरभंगा में बनेगा 50 बेड का अस्पताल-सांसद गोपाल जी ठाकुर
दरभंगा।राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत केंद्र सरकार द्वारा दरभंगा संसदीय क्षेत्र में पचास बेड का आयुष अस्पताल बनेगा। इस बात की जानकारी देते हुए दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा की राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 50 बेड वाले एकीकृत आयुष अस्पताल का निर्माण दरभंगा संसदीय क्षेत्र में होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा में इस अस्पताल के निर्माण को लेकर वह अपने सांसद बनने के बाद से ही प्रयासरत थे, और इसको लेकर वह पूर्व में निवर्तमान केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद नायक से मुलाकात कर और पत्र के माध्यम से अनुरोध कर चुके थे। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि इसके निर्माण को लेकर वह बिहार राज्य आयुष समिति के वरीय पदाधिकारियों से भी लगातार संपर्क में थे, इसके अलावा इसके निर्माण को लेकर वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी अनुरोध कर चुके थे।
सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा आयुर्वेद को जन जन तक पहुंचाने हेतु पूरे भारतवर्ष में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार आयुष के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रारंभ से ही प्रयासरत है। आयुष विश्व की सबसे प्राचीनतम चिकित्सा पद्धति है, जो अनादि एवं शाश्वत है और इसका वर्णन शास्त्रों में भी है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुष में सभी रोगों के इलाज करने की क्षमता है, इन पद्धतियों के चिकित्सकों को बेहद आवश्यक होने पर ही इंटीग्रेटेड मॉडल से इलाज करना चाहिए। अपितु उन्हें अपने चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से ही रोगियों के संपूर्ण इलाज की कोशिश करनी चाहिए। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में विश्व की सबसे प्राचीनतम चिकित्सा पद्धति आयुष का संपूर्ण विकास हो रहा है और आने वाले समय में यह और अधिक तेज गति से होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ सालों में आयुष, चिकित्सा के क्षेत्र में संपूर्ण विश्व को राह दिखाने का कार्य करेगा।