शहर के 10 एवं सभी प्रखंड में दो- दो पूजा पंडालों में दी जा रही वैक्सीन

भीड़- भाड़ के बीच सुरक्षित रूप से टीका देने व कोरोना जांच करने को दिया निर्देश

दरभंगा । दुर्गा पूजा के अवसर पर टीकाकरण कार्यक्रम अनवरत रूप से संचालित किया जा रहा है। इसे लेकर मुख्य पूजा पंडाल व अन्य सत्र स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षित रूप से लोगों को कोरोना से बचाव के लिए पहली व दूसरी डोज दी जा रही है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सुरक्षित रूप से टीकाकरण को लेकर कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया है। टीकाकरण के लिए एएनएम एवं कर्मियों को प्रतिनियुक्त कर चिट्ठी जारी कर दी गई है। डीआईओ ड ए के मिश्रा ने बताया पर्व त्यौहार के दौरान भी टीकाकरण अभियान चालू है। खासकर जो व्यक्ति टीकाकरण से वंचित रह गए हैं उनको पूजा पंडालों में भी टीका देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा के दौरान आसानी से कोरोना की डोज़ दी जा सके। इसके लिए शहर में 10 एवं 16 प्रखंड के दो- दो मुख्य पंडालों को चयनित किया गया है। इसे लेकर पूजा समितियों को भी अधिक से अधिक लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक करने को कहा है।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ ए के मिश्रा ने बताया पंडालों व पूजा स्थलों के आसपास  भीड़- भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही परेशानी में डाल सकती है। इसलिए खास सुरक्षा एवं एहतियात बरती जा रही है।. इसके मद्देनजर पूजा पंडालों में किसी प्रकार की  संशय की स्थिति होने पर लोगों के लिए कोरोना वायरस जांच की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति या श्रद्धालु किसी प्रकार का लक्षण होने पर तुरंत रैपिड एंटीजन किट से वायरस की जांच करा सकते हैं। यह सुविधा भी पूजा पंडालों में उपलब्ध कराई गई है। डीआईओ ने कहा अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, बुखार या अन्य लक्षण दिखाई पड़े तो तुरंत कोरोना की जांच करानी चाहिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार सिन्हा ने बताया अभी नवरात्रि के दौरान मंदिर में पूजा पंडालों में भीड़ भाड़ होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को एहतियात और सुरक्षित रूप से त्यौहार मनाने की अपील की गई है। इसके तहत अत्यधिक भीड़ भाड़ वाले जगहों से अलग रहने की अपील की गई है।  खासकर बीमार, बुजुर्ग एवं बच्चों को यहां ले जाना ठीक नहीं होगा। अभी संक्रमण का मामला कम हुआ है। यह खुशी की बात है, लेकिन वायरस अभी तक समाप्त नहीं हुआ है। इसे लेकर लोगों को सावधानी बरतनी ज़रूरी है। डॉ सिन्हा ने कहा इस समय हम सुरक्षित रहकर हम कोरोना वायरस को पराजित कर सकते हैं। इसमें सभी लोगों का सामूहिक प्रयास जरूरी है। ताकि कोरोना वायरस को फैलने से यथासंभव रोका जा सके।. सिविल सर्जन ने बताया संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को मास्क व सैनिटाइजर के प्रयोग करने की जानकारी है। केवल लोगों को इसके अनुपालन की आवश्यकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *