दरभंगा। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने कहा कि बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है ।सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जाएंगे और मतदान में गड़बड़ी करने वाले किसी भी कीमत पर बख्से नहीं जाएंगे । वे मंगलवार को नगर परिषद के सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में होने वाले बेनीपुर एवं अलीनगर प्रखंड में चुनाव से संबंधित विधि व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे । समीक्षा के उपरांत डॉ. त्यागराजन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था ईवीएम के संबंध में आज की बैठक आयोजित की गई थी जिसकी विस्तृत समीक्षा की गई है । साथ ही संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए 2012 एवं 2016 के चुनाव को विशेष रुप से ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है । मतदान में किसी तरह की गड़बड़ी कमजोर मतदाताओं को रोकने या जबरन मतदान केंद्रों को कब्जा करने, ईवीएम को क्षति पहुंचाने वाले के साथ प्रशासन कठोर कदम उठाएगी ।इसके लिए पूर्व से ही निरोधात्मक कार्रवाई के साथ-साथ गुंडा रजिस्टर को अद्यतन की गई है। असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उसकी हाजिरी लगाई जा रही है साथ ही सीसीए की कार्रवाई की गई है । और प्रत्येक थाना को छूटे हुए असामाजिक तत्वों का पहचान कर चिन्हित करने का निर्देश दिए गए हैं । जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन ने कहा कि 29 सितंबर को चुनाव के दिन जिले के सभी पुलिस एवं प्रशासनिक बरीय पदाधिकारी बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र में कैंप करेंगे और गड़बड़ी की सूचना मिलते ही 10 मिनट के अंदर सख्त कार्रवाई की जाएगी । इस दौरान जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक बाबूराम ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सशस्त्र बल आवश्यकता अनुसार प्रतिनियुक्त किए जाएंगे । साथ ही त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है मतदान केंद्रों को सेक्टर ,जोन और सुपर जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है । तथा प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में क्यु आर टी की तैनाती की गई है जो 10 मिनट के अंदर किसी भी मतदान केंद्र पर पहुंचने के लिए सक्षम है । और यह चुनाव जिले के लिए प्रथम चरण का है जो राज्य में मिसाल कायम करेगा और मतदाता निर्भीक निष्पक्ष होकर अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे । किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर 10 मिनट के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।इस दौरान जिला पदाधिकारी त्यागराजन एस एम ने जया नन्द उच्च विद्यालय बहेड़ा इवीएम डिस्पैच केन्द्र का भी निरीक्षण किया । इस अवसर पर उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया , अनुमंडल पदाधिकारी शंभू नाथ झा, अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी डॉ. कुमार सुमित ,प्रखंड विकास पदाधिकारी अमोल मिनरल , अंचल अधिकारी भुवनेश्वर झा सहित जिले के तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे ।