दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा आज स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो० विजय कुमार यादव एवं प्रो० प्रणतारती भंजन द्वारा माला अर्पण किया गया। वहीं कार्यक्रम में पूर्ववर्ती छात्रों ने अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो० यादव एवं प्रो० भंजन को मिथिला की परंपरा के अनुसार पूर्ववर्ती छात्र ब्रजेश्वर कुमार, रोहित कुमार एवं बाबुल कुमार ने पाग चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपस्थित छात्रों को विभागाध्यक्ष प्रो० यादव ने कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने वाले विद्यार्थी का उज्जवल भविष्य एवं चरित्र शुद्ध होता है। एक शिक्षक को उस समय अतिशय प्रसन्नता होती है जब उसके पढाए छात्र उससे भी ऊंचे पद पर आसीन हो जाते हैं। मैं अपने सभी छात्रों के प्रति ईश्वर से उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
वहीं प्रो० भंजन ने संबोधित करते हुए कहा कि मैंने ऐसा पहली बार देखा है कि पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा शिक्षक दिवस का आयोजन किया गया है जो दर्शाता है कि उनके अंदर अपने शिक्षकों के लिए विशेष सम्मान है। जो छात्र शिक्षकों को सम्मान देते हैं उनका भविष्य भी सूर्य की तरह चमकता रहता है।
इस अवसर पर शोध छात्र गोविंद कुमार ने भी अपना विचार व्यक्त किया। मौके पर बाबूल राज गुप्ता, रोहित कुमार आशीष कुमार, अरविंद कुमार समेत दर्जनों पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व छात्र ब्रजेश्वर कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन अरविंद कुमार ने किया।