दरभंगा । दरभंगा में पहली बार संयुक्त यशस्विनी संस्था के द्वारा प्रथम महिला सम्मेलन का आयोजन स्थानीय आकाशवाणी रोड में सीतायन सभागार में दिन के 10 बजे से होने जा रहा है। पिछले कई दिनों से इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम को फाइनल टच देने की शुरुआत हो चुकी है। यह पहली बार है जब दरभंगा-मधुबनी की सभी सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी महिला वृहत स्तर पर एक मंच पर होगी।
इसी क्रम में बातचीत के दौरान संयुक्त यशस्विनी संस्था की अनुपम झा, राजनंदिनी झा, अपर्णा झा, बिट्टू मिश्रा व प्रिया मिश्रा “पुतुल” ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन महिलाओं का, महिलाओं के लिये व महिलाओं के द्वारा आयोजित किया जा रहा है। महिलाएं के इस आहूत सम्मलेन से समाज में महिला उत्थान को लेकर काफी बदलाव आएगी और धरातल से लेकर सोशल मीडिया आदि तक आवाज बुलंद होगी। अब मिथिला क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उड़ान भरने को तैयार है। हम महिला अधिकारों को लेकर काफी सजग हैं। हमारी संस्था अब मिथिला क्षेत्र के घर-घर जाकर बहु-बेटियों की आवाज बनेगी। हम दहेज प्रथा, बाल-विवाह, महिला उत्पीड़न, महिला शिक्षा व महिलाओं के सामाजिक-राजनीतिक अधिकार को लेकर सबों को जागरूक करेंगे साथ ही आने वाले समय में यह संस्था महिला अधिकारों को लेकर समाज की शोषित, दबी-कुचली व उत्पीड़ित महिलाओं की आवाज बनकर खड़ी होगी।
आगे उन्होंने कहा कि संयुक्त यशस्विनी संस्था के प्रथम महिला सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि मिस ग्लोबल बिहार आराधना कोमल करेंगी शिरकत। साथ ही कार्यक्रम में दरभंगा की प्रख्यात जानी-मानी स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ० गुंजन त्रिवेदी शुक्ला, भाजपा नेत्री मीना झा, कांग्रेस नेत्री पूनम झा, बेबी यादव, हिमांशी ठाकुर व पल्लवी झा भी करेंगी शिरकत।
अंत में उन्होंने सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व वेब मीडिया के पत्रकार बंधुओं से भी अपील किया है कि उनके सहयोग के बिना यह आयोजन सफल नहीं हो सकता है। इसीलिए संयुक्त यशस्विनी संस्था सभी मीडिया बंधुओं से सहयोग की अपेक्षा रखते हुए उन्हें इस कार्यक्रम में सादर आमंत्रित करता है।